न्यूज़ डेस्क
समाजवादी पार्टी के भीतर हलाकि अभी कई तरह की टूट की खबरे आ रही है लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि इन सब घटनाओं से इतर सपा मुखिया अखिलेश यादव एक बड़ा खेल खेलने को तैयार है। जानकारी मिल रही है कि सपा प्रयागराज यानी इलाहबाद सीट से अमिताभ बच्चन के पुत्र अभिषेक बच्चन को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में सपा सर्वे भी कर रही है और अपने ख़ास नेताओं से फीड भी ले रही है। चर्चा यह भी है कि अखिलेश यादव बहुत जल्द ही मुंबई जाकर अमिताभ बच्चन और जया बच्चन से मुलाकात भी कर सकते हैं। बता दें कि इसी इलाहाबाद सीट से कभी अमिताभ बच्चन चुनाव लड़े थे और हेमवती बहुगुणा को हराया था।
कहा जा रहा है कि अगर अभिषेक बच्चन चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव काफी दिलचस्प हो जाएगा। अमिताभ बच्चन का यहां से गहरा नाता रहा है। अभिषेक के भी काफी प्रशंसक हैं। ऐसे में अगर वह सपा से प्रत्याशी बने तो उनके चुनाव प्रचार के बिग बी, जया बच्चन के साथ ऐश्वर्या राय बच्चन का यहां आना तय है।
बता दें कि इलाहाबाद संसदीय सीट से कांग्रेस के टिकट पर अमिताभ बच्चन ने 1984 में लोकसभा का चुनाव जीता था। तब उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं तब के दिग्गज नेता हेमवती नंदन बहुगुणा को शिकस्त देेकर हर किसी को चौंका दिया था। उक्त चुनाव में अमिताभ को 68 फीसदी वोट मिले, जबकि बहुगुणा के खाते में 25 फीसदी वोट आए।
अभिषेक बच्चन को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल में यमुनापार अध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने कहा कि यह सिर्फ चर्चा ही है। कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। वहीं महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने कहा कि अभी लोकसभा चुनाव में वक्त है। प्रत्याशी किसे बनाया जाएगा यह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में ही तय होगा।
