न्यूज डेस्क
देशभर में मानसून अब धीरे-धीरे विदाई लेता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर से 1 अक्टूबर को मानसून विदा हो चुका है। ऐसे में अब बारिश की कोई संभावना नहीं है। इसके साथ ही यहां अगले कुछ दिनों में सुबह-शाम ठंडक बढ़ जाएगी। हालांकि दोपहर में धूप की तपिश अभी अगले 15-20 दिनों तक बनी रहेगी। लेकिन रात में लोगों को गुलाबी ठंड का एहसास होने लगेगा।
वहीं, कुछ राज्यों में लौटते मानसून का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तरी ओडिशा समेत पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून गुजरात राज्य के कुछ क्षेत्रों, राजस्थान के शेष हिस्सों और उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ और क्षेत्रों से वापसी कर चुका है। आईएमडी के मुताबिक 5 अक्टूबर तक झारखंड और उत्तरी ओडिशा में हल्की से मध्यम भारी वर्षा, तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 5 अक्टूबर तक मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण भारत में हल्की से मध्यम वर्षा और कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जो आज तमिलनाडु और केरल के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक संभव है। दक्षिण केरल में आज छिटपुट, और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। लेकिन अगले पांच दिनों में पश्चिम भारत के मौसम में कोई उल्लेखनीय परिवर्तन नहीं रहेगा।

