Aaj Ka Mausam: आज का मौसम (1 जुलाई 2026) देश के कई हिस्सों में करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र, केरल सहित देश के कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
15 राज्यों के लिए IMD का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देश के करीब 15 राज्यों के विभिन्न जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होगी, जबकि तेज हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
आंधी और बारिश के दौरान बरतें ये सावधानियां
आईएमडी ने नागरिकों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, पुराने भवनों या कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। यदि यात्रा जरूरी हो तो पहले सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी जरूर लें। बिजली गिरने की आशंका वाले क्षेत्रों में खुले स्थानों पर जाने से बचने की भी सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में जुलाई की शुरुआत राहत भरी रहने के संकेत हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। बुधवार, 1 जुलाई को अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
2 जुलाई से तापमान में और कमी आ सकती है। 3 से 6 जुलाई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और सोनभद्र जिलों में तेज हवा और बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
वहीं बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और अररिया समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी मौसम रहेगा सक्रिय
मध्य प्रदेश के बालाघाट, बैतूल, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), राजगढ़, सीहोर और शाजापुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर और सुकमा में भी तेज हवा और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
राजस्थान में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी
राजस्थान के जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, अजमेर, सीकर और नागौर जिलों में बारिश और तेज आंधी का पूर्वानुमान जारी किया गया है। यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
जयपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी अलर्ट
उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और उधम सिंह नगर जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू में भी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
गुजरात, महाराष्ट्र, केरल और झारखंड में भी बिगड़ सकता है मौसम
महाराष्ट्र के नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी और ठाणे जिलों में तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।
केरल के अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोल्लम, कोट्टायम, पथानामथिट्टा और त्रिशूर जिलों में भी खराब मौसम की आशंका जताई गई है।
इसके अलावा गुजरात के अमरेली, आणंद, भरूच, भावनगर, दादरा एवं नगर हवेली, दमन, नवसारी, सूरत, वडोदरा और वलसाड तथा झारखंड के बोकारो, चतरा, धनबाद, गिरिडीह, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, रांची, रामगढ़, पश्चिम सिंहभूमि, पूर्वी सिंहभूमि, सरायकेला और सिमडेगा में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।

