न्यूज डेस्क
देश की राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में इन दिनों मानसूनी बारिश हो रही है। दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार से हो रही बारिश ने लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। रुक-रुककर हो रही बारिश से हालात बाढ़ जैसे बन गए हैं। कई जगहों पर जलभराव की भी स्थिति बन गई है। मौसम विभाग ने अभी और दो से तीन दिन भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है। इसके साथ ही आईएमडी ने हिमाचल प्रदेश में आज भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक 50 से ज्यादा जिलों में भारी से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग के मुताबिक देशभर में 31 जुलाई तक बारिश के ऐसे ही हालात बने रहेंगे।
इधर उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने देहरादून, बागेश्वर और चमोली में शनिवार को भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही प्रदेशभर के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 29 से 31 जुलाई तक भारी बारिश का यलो अलर्ट है। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड के कई इलाकों में बिजली चमकने और मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।
आईएमडी के मुताबिक जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, एनसीआर, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तर पूर्व भारत, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के कई हिस्से में हल्की तो कई जगहों पर भारी की संभावना है। इसके अलावा महाराष्ट्र, गुजरात, विदर्भ, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश का अलर्ट है। जबकि कर्नाटक, उत्तरी तेलंगाना, लक्षद्वीप, कोंकण, गोवा, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप अगल-अगल स्थानों पर हल्की से मध्य और तेज बारिश के आसार हैं।

