न्यूज डेस्क
देशभर में मॉनसून की बारिश का दौर जारी है। कहीं भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं तो कहीं जलभराव से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। देश में आज के मौसम की बात करें तो 2 अगस्त को उत्तर प्रदेश यानी यूपी में पूरब से पश्चिम तक गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। यहां बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में 2 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में बुधवार को बादल छाए रहेंगे। देर शाम कहीं कहीं बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री के आसपास रह सकता है। गुरुवार से फिर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कुछ कमी आ सकती है। बुधवार को दिल्ली में हवा की गति 10 से 20 किमी प्रतिघंटा और गुरुवार को 10 से 12 किमी प्रतिघंटा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का मानना है कि अगले सप्ताह गर्मी कुछ कम हो सकती है।
इधर उत्तराखंड के लिए मौसम विभाग ने आज तेज बिजली चमकने और भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की आशंका है। इसी के साथ भूस्खलन की आशंका से भी सावधान रहने को कहा गया है। यहां चट्टान गिरने के कारण मार्गों के बंद होने की आशंका है। राजमार्गों में अवरोध उत्पन्न हो सकता है और निचले इलाकों में जलभराव की चीजें हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में 2 अगस्त को हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में देर रात से हल्की बारिश हो रही है जो सुबह तक जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के जशपुर, कोरिया, सूरजपुर और बलरामपुर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जबकि सरगुजा, पेंड्रा, बिलासपुर, रायगढ़ और कोरबा के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

