बीरेंद्र कुमार झा
मणिपुर में हिंसा का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। अब गोलीबारी के बीच स्कूल को आग के हवाले किए जाने की खबर भी सामने आ रही है ।अनुमान लगाया जा रहा है कि घटना में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की सामग्री का नुकसान हुआ है। मणिपुर में विष्णुपुर और चूड़ाचांदपुर में हालत ज्यादा खराब होते नजर आ रहे हैं। साथ ही राज्य में दो महिलाओं को नगर घुमाए जाने का मामला भी गर्मा रहा है ।
गोली से घायल महिला इंफाल रेफर
खबर है कि चूड़ाचांदपुर और विष्णुपुर जिले के सीमा क्षेत्र में उपद्रवियों ने स्कूल में आग लगा दी है। साथ ही क्वक्ता क्षेत्र में हुई हिंसा के बीच एक महिला को गोली भी लगी है, जिसे तत्काल इलाज के लिए राजधानी इंफाल ले जाया गया है।बीते दिनों में फिर भड़की हिंसा के चलते रविवार सुबह तक कई हिस्सों में गोलीबारी की घटना होने की खबर है।
स्कूलों के भवन जलाए जाने की घटना बढ़ने से पड़ेगा राज्य की शिक्षा पर असर
एहतियात के तौर पर सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। स्कूल की घटना को लेकर प्रबंधन का कहना है कि 1.5 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।घटना में किताबें फर्नीचर और बर्तन तबाह हो गए। 3 मई को शुरू हुई हिंसा के बाद से ही मणिपुर का यह स्कूल खाली पड़ा है।इधर सरकार पहले ही स्कूलों को दोबारा खोले जाने का आदेश जारी कर चुकी है।
इस स्कूल का नाम चिल्ड्रन ट्रेनर्स हाई स्कूल बताया जा रहा है। यहां के मालिक लियोन को थाग का कहना है कि इन लोगों की खुशकिस्मती थी कि घटना के वक्त कोई भी भवन में नहीं था। भवन के आसपास कई घरों को आग लगा दी गई थी, जिसके चलते पहले ही इस स्कूल को भी आग के हवाले किए जाने का अनुमान लग गया था और लोग यहां से सुरक्षित निकल गए थे। स्कूल का चौकीदार पहले अपने परिवार को लेकर यहां से भाग चुका है।
अब इस ताजा घटना के बाद मणिपुर के हिंसा प्रभावित इलाकों में स्कूलों पर खतरा मंडराने लगा है। अगर ऐसा ही होता रहा तो राज्य में शिक्षा पर भी इसका भारी असर पड़ सकता है।

