गोरखपुर विश्वविद्यालय में एबीवीपी के छात्रों ने किया हंगामा , वीसी और प्रॉक्टर की हुई पिटाई !

0
100


न्यूज़ डेस्क 
यूपी के गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में भारी हंगामा होने की खबर आ रही है। छात्रों के निलंबन के खिलाफ चार दिन से प्रदर्शन कर रहे बीजेपी की छात्र इकाई एबीवीपी के लोगों ने विश्वविद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया है। इस दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय कार्यालय में तोड़फोड़ करते हुए कुलपति और प्रॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए जमकर मारपीट की। पुलिस ने जब एबीवीपी के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया तो उनके साथियों ने कैंट थाने पहुंचकर हंगामा किया और वहां जाम लगा दिया। यह घटना शुक्रवार की है।            
  उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने इस घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार में कथित राष्ट्रवादियों को गुंडई की खुली छूट है। उन्होंने लिखा, आरएसएस-बीजेपी के छात्र संगठन एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर विश्वविद्यालय के वीसी-प्रॉक्टर को जमकर पीटा। बीजेपी सरकार में कथित राष्ट्रवादियों को गुंडई की खुली छूट है। कानून-व्यवस्था पर दम भरने वाले सीएम की कलई खुल गई है।
            दरअसल गोरखपुर विश्वविद्यालय में इस सत्र से 400 प्रतिशत तक की फीस वृद्धि की गई है। इसको लेकर आरएसएस-बीजेपी के छात्र संगठन एबीवीपी के कार्यकर्ता कई दिनों से फीस वृद्धि वापस लेने के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पिछले दिनों विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदर्शन में शामिल चार कार्यकर्ताओं का निष्कासन कर दिया था। इसके विरोध में एबीवीपी के कार्यकर्ता 18 जुलाई से उग्र प्रदर्शन कर रहे थे।
          जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को एबीवीपी के प्रदर्शनकारी कुलपति कार्यालय पहुंचकर गेट पर बैठ गए और ऐलान किया कि जब तर फीस वृद्धि वापसी की घोषणा नहीं होती है, तब तक वे किसी को अंदर या बाहर नहीं आने-जाने देंगे। धीरे-धीरे एबीवीपी कार्यकर्ताओं की संख्या वहां पर बढ़ने लगी। दोपहर बाद करीब साढ़े 3 बजे प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय की तरफ बढ़े तोड़फोड़ शुरू कर दी। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने गेट के शीशे तोड़ दिए और कुलपति के चैंबर के पास कांफ्रेंस हॉल में भी तोड़फोड़ शुरू कर दिया।
         इसी दौरान कुलपति प्रो. राजेश सिंह जब चैंबर से निकलकर जाने लगे तो प्रदर्शनकारी उनसे भिड़ गए और उनके साथ अभद्रता और धक्का मुक्की करने लगे। इसी बीच कुलसचिव  भी वहां आ गए तो एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वहां तैनात पुलिस ने किसी तरह कुलपति को वहां से निकालकर उनके आवास तक पहुंचाया। इस दौरान उपद्रवियों ने कार्यालय के प्रथम तल से कई गमले नीचे कुलपति की गाड़ी पर फेंक दिए, जिससे गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
                 एबीवीपी के उपद्रव की सूचना पर एसपी सिटी और सीओ कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ विश्वविद्यालय पहुंचे और उपद्रवियों को बल प्रयोग कर काबू में किया। इसके बाद पुलिस ने कुलपति कार्यालय से लेकर मेन रोड तक प्रदर्शनकारियों और उनके समर्थन में जुटे साथियों को लाठियों से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इसके बाद प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे करीब एक दर्जन से ज्यादा एबीवीपी के छात्रों को पुलिस घसीट कर गाड़ियों में डालकर थाने ले गई।
              एबीवीपी छात्रों पर बल प्रयोग और उन्हें घसीटकर थाने ले जाने की खबर पर बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता कैंट थाने के सामने जुट गए और हिरासत में लिए गए साथियों को छोड़ने की मांग करते हुए थाने के सामने की सड़क को जाम कर दिया। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here