लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 15 वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव का असर लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर जैसे अहम शहरों और जोनों पर पड़ा है। नई सूची के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तरुण गाबा बने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर
सरकार ने IPS तरुण गाबा को लखनऊ का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया है। वहीं, अब तक इस पद पर तैनात IPS अमरेन्द्र के. सेंगर को नई जिम्मेदारी देते हुए पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रयागराज और वाराणसी में भी बदली कमान
तबादला सूची के अनुसार IPS पीयूष मोर्डिया, जो अब तक वाराणसी जोन में अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) के रूप में कार्यरत थे, उन्हें प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। उनकी जगह IPS नवीन अरोरा को वाराणसी जोन का नया ADG नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर जोन में नया ADG
IPS अशोक जैन को गोरखपुर जोन के ADG पद से हटाकर पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं बनाया गया है। वहीं IPS राम कुमार को गोरखपुर जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
राज्य सरकार ने अन्य कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया है।
- IPS भगवान एस. श्रीवास्तव को अपर पुलिस महानिदेशक (तकनीकी सेवाएं) बनाया गया।
- IPS आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को सचिव (गृह) की जिम्मेदारी सौंपी गई।
- IPS मोहित गुप्ता को भ्रष्टाचार निवारण संगठन का महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया गया।
- IPS विनोद कुमार सिंह को विशेष जांच का IG बनाया गया।
- IPS धर्मवीर को आईजी, पीएसी पूर्वी जोन की जिम्मेदारी मिली।
- IPS जोगेन्द्र कुमार को आईजी, पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय (PTS) मुरादाबाद नियुक्त किया गया।
- IPS अनूप कुमार सिंह को आर्थिक अपराध शाखा (EOW) में पुलिस अधीक्षक बनाया गया।
- IPS आनंद कुमार को लोक शिकायत शाखा में पुलिस अधीक्षक की नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद
सरकार की ओर से किए गए इस बड़े फेरबदल को पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ाने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। आने वाले समय में नई तैनातियों का असर संबंधित जिलों और पुलिस इकाइयों के कामकाज पर देखने को मिल सकता है।

