Jewar Airport Name Change: उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इनमें गौतमबुद्धनगर के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ रखने का प्रस्ताव प्रमुख है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके योगदान के सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया गया है।
उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेंगे दो मुफ्त सिलेंडर
वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को दो निःशुल्क एलपीजी सिलेंडर रिफिल दिए जाएंगे। पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 और दूसरा जनवरी से मार्च 2027 तक चलेगा। इस योजना पर सरकार करीब 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
18 शहरों में चलेंगी 1,725 इलेक्ट्रिक बसें
शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 18 शहरों में 1,725 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मंजूरी दी गई है। इनमें लखनऊ और कानपुर को 300-300 बसें, वाराणसी को 250, गोरखपुर को 150 तथा मेरठ, गाजियाबाद और नोएडा (जेवर सहित) को 100-100 बसें देने की योजना है। बसों का संचालन निजी ऑपरेटरों के माध्यम से किया जाएगा।
आंगनबाड़ी कर्मियों और मेडिकल इंटर्न को राहत
प्रदेश के 3,80,290 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को हर साल एक अतिरिक्त साड़ी मिलेगी। इस पर लगभग 19.02 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी के इंटर्न विद्यार्थियों का मासिक भत्ता 7,500 रुपये से बढ़ाकर 15,000 रुपये करने को मंजूरी मिली है।
औद्योगिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा
लखनऊ के नौसेना शौर्य संग्रहालय के तीसरे चरण में करीब 6.8 एकड़ जमीन पर वाटर बॉडी विकसित की जाएगी। यहां बोटिंग, लाइट एंड साउंड शो और समुद्री जैव विविधता से जुड़ी प्रदर्शनियों की योजना है। इसके अलावा औद्योगिक विकास प्राधिकरणों में भवन और भूखंड मानचित्रों की मंजूरी आसान बनाने के लिए मॉडल भवन विनियम, 2026 लागू करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है।
किसानों के लिए MSP और खरीद की तैयारी
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में मक्का, बाजरा और ज्वार की खरीद 31 दिसंबर तक होगी। निर्धारित एमएसपी के अनुसार बाजरा 2,900 रुपये, मक्का 2,410 रुपये, ज्वार मालदांडी 4,073 रुपये और ज्वार हाइब्रिड 4,023 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। सरकार ने किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान का निर्देश दिया है।
धान खरीद के लिए पश्चिमी यूपी में 12 अक्टूबर और पूर्वी यूपी में 1 नवंबर से शुरुआत निर्धारित की गई है। इस सीजन में 65 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने के लिए 4,500 केंद्र खोलने की योजना है। धान का एमएसपी कॉमन किस्म के लिए 2,441 रुपये और ग्रेड-ए के लिए 2,461 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
मैनपुरी में सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी
मैनपुरी में घिरोर से भोगांव तक 31.30 किलोमीटर सड़क को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इसके साथ 6.56 किलोमीटर लंबा घिरोर बाईपास भी बनाया जाएगा। कुल 37.86 किलोमीटर की परियोजना पर संशोधित लागत 328.67 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इससे क्षेत्र में यातायात और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।

