चार्जिंग के वक्त फोन या लैपटॉप को छूने पर होती है झनझनाहट,खराब हो सकते हैं डिवाइस

0
4

कई बार फोन या लैपटॉप को चार्जिंग पर लगाने के बाद उसे छूने पर झनझनाहट महसूस होती है।ऐसा लगता है कि डिवाइस में हल्का सा करंट उतर आया हो। कई लोग इस बात को नॉर्मल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं,लेकिन ये वाकई में साधारण बात नहीं है।इस वजह से आपको झटका लग सकता है या आपका डिवाइस खराब हो सकता है।

असल में ऐसा अर्थिंग की समस्या की वजह से होता है और यह हल्का लगने वाला करंट आपके डिवाइस के नाजुक पार्ट्स को खराब कर सकता है। ऐसे में समझना जरूरी हो जाता है कि इस समस्या को दूर करने के लिए क्या किया जा सकता है?
अगर आपके अपने डिवाइसेज जैसे कि फोन या लैपटॉप को चार्जिंग पर लगाने पर हल्का करंट या झनझनाहट महसूस होती है, तो जान लें कि ऐसा अर्थिंग की कमी और करंट की लीकेज की वजह से होता है।

आजकल के चार्जर बिजली को खास तकनीक की मदद से कंट्रोल करते हैं। दरअसल इनमें बिजली से होने वाली किसी गड़बड़ी को रोकने के लिए खास तरह के फिल्टर लगे होते हैं। इन फिल्टर्स की वजह से मामूली मात्रा में करंट बाहर निकलता रहता है, जिसे सुरक्षित तरीके से जमीन में भेजने के लिए थ्री-पिन प्लग में अर्थिंग की जरूरत होती है।

ऐसे में अगर घर में अर्थिंग सही न हो या चार्जर सिर्फ दो पिन वाला हो, तो लीक होने वाला करंट जमीन में नहीं जा पाता और लेपटॉप या फोन की बॉडी पर जमा होने लगता है। ऐसे मे जब आप डिवाइस को छूते हैं, तो आपका शरीर उस करंट को जमीन में भेजने का जरिया बन जाता है और इसकी वजह से नंगे पैर होने पर आपको हाथों में झनझनाहट या हल्का करंट महसूस होता है।

टेक्निकल तौर पर यह करंट बहुत हल्का होता है, जो कि आमतौर पर कुछ माइक्रोएम्पियर के लेवल का होता है। इस लेवल का करंट आपके लिए खतरनाक नहीं होता।

इसी तरह इस मामूली करंट से आपका डिवाइस या उसका चार्जर भी तुरंत नहीं खराब हो सकता। हालांकि अगर आप कोई लोकल चार्जर इस्तेमाल कर रहे हैं या फिर लंबे समय तक आपके डिवाइस का चार्जर इस तरह के करंट के संपर्क में रहता है, तो इससे वोल्टेज स्पाइक का खतरा बना रहता है।

ऐसे में यह झनझनाहट भले आपके डिवाइस को तुरंत खराब न करे लेकिन हमेशा इसी तरह करंट के संपर्क में रहने की वजह से आपका चार्जर या डिवाइस के नाजुक पुर्जे जल सकते हैं। ऐसा खासकर तब होता है, जब आप खराब क्वालिटी का चार्जर इस्तेमाल कर रहे हों।

इससे निजात पाने के लिए सबसे पहले अपने घर की वायरिंग की जांच करवाएं। अगर अर्थिंग सही नहीं है, तो उसे ठीक करवाएं। मुख्य समस्या यहीं खत्म हो जाएगी।इसके अलावा 3 पिन वाले या ओरिजनल चार्जर का ही इस्तेमाल करें। तीन पिन वाले चार्जर का पहला बड़ा पिन करंट को तुरंत जमीन में भेज देता है।
इसके अलावा चार्जिंग पर लगे डिवाइस को छूते या इस्तेमाल करते हुए नंगे पैर न रहें।
अगर डिवाइस एक्सटेंशन बोर्ड के जरिए चार्ज हो रहा हो, तो ध्यान रखें कि वह थ्री पिन अर्थिंग को सपोर्ट करता हो।वैसे अर्थिंग की समस्या से झटके नहीं लगते, लेकिन एहतियातन घर में RCCB लगवाएं। यह करंट की लीकेज होने पर सप्लाई को रोक देता है। इससे झटके लगने का या डिवाइस के जल जाने का खतरा बेहद कम हो जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here