लोकसभा में एंटी पेपर लीक विधेयक पारित होने के कुछ देर बाद बीजेपी ने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता की।पीसी को संबोधित करते हुए संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। इस दौरान संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि सदन में राहुल गांधी ने कई बार झूठ बोला। राहुल गांधी के छात्रों पर गोली चलाने वाले बयान को लेकर संबित पात्रा ने कहा कि वह (राहुल गांधी) देश को भ्रमित कर रहे हैं।
दरअसल, लोकसभा में राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर गोली चलाई गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्रों पर गोली चलाने की अनुमति किसने दी।राहुल गांधी ने पूछा कि आखिर गोली चलाने का आदेश किसने दिया। राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने सदन में हंगामा किया। इसके कुछ देर बाद बीजेपी ने पीसी कर राहुल गांधी पर निशाना साधा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में हमने देखा कि हमारे देश के होनहार छात्र आगे आए और विरोध-प्रदर्शन किया। हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने छात्रों से बात की, समाधान निकला और विरोध खत्म हो गया।मुख्य मुद्दा वह था जो आजादी से लेकर 2014 तक लंबित था कि पेपर लीक को कैसे रोका जाए, परीक्षा प्रणाली को और मजबूत कैसे किया जाए, और पेपर लीक माफिया को सबसे कड़ी सजा कैसे दी जाए।
राहुल गांधी के छात्रों पर गोलियां चलाई गईं, वाले आरोप पर पलटवार करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि आज राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर गोलियां चलाई गईं।भारतीय जनता पार्टी तथ्यों की पुष्टि करने के बाद स्पष्ट और आधिकारिक तौर पर कहती है कि कोई गोली नहीं चलाई गई।राहुल गांधी ने झूठा दावा किया कि गोलियां चलाई गईं. कोई गोली नहीं चलाई गई।
इसके साथ ही संबित पात्रा ने कहा कि बार-बार राहुल गांधी कह रहे हैं कि क्या गृहमंत्री ने बल के इस्तेमाल का आदेश दिया, ऐसे में जानना चाहिए कि मौके पर मौजूद अधिकारी त्वरिक एक्शन का फैसला लेते हैं, देश के संवैधानिक पद पर बैठा कोई भी नेता ये फैसला नहीं लेता।
संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा अपना हाथ दोनों जेबों में डालकर चलते हैं। ऐसा लगता है वह जेबों में विक्टिम कार्ड लेकर घूम रहे हैं और नए-नए झूठे आरोप लेकर आ रहे हैं।लोकसभा में माइक बंद और चालू को लेकर हुए हंगामे पर संबित पात्रा ने कहा कि सदन में राहुल गांधी का माइक चालू था।खुद से उन्होंने माइक बंद किया और फिर कहने लगे बोलने नहीं दिया जा रहा है। सभी ने देखा कि माइक चालू है।
संबित पात्रा ने कहा कि छात्र आंदोलन में हमारी पार्टी के नेताओं ने उनसे(छात्रों से) बातचीत की और उसका समाधान निकाला। 2024 में भी कानून बना था और उसमें संशोधन करके उसे और कठोर बनाया गया। लगभग 45 सांसदों ने उसमें भाग लिया था। लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बिल को पेश किया था, वोटिंग के माध्यम से वह कानून बना है।
पात्रा ने कहा कि आज राहुल गांधी के पास कोई तथ्य नहीं था। आज राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों पर गोली चलाई गई थी लेकिन बीजेपी आधिकारिक रूप से कहती है कि गोली नहीं चलाई गई थी। राहुल गांधी ने देश के करोड़ों युवाओं, छात्रों और मतदाताओं के लिए ‘इडियट’ (Idiot) और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करके संसदीय गरिमा और देश के नागरिकों का अपमान किया है।
बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी कहते है की लड़कियों के कपड़े फाड़े, राहुल जी को सदन में ऐसा नहीं कहना चाहिए, क्योकि इससे हमारी फोर्स का अपमान होता है। राहुल गांधी ने जो भी आज कहा वो सभी बेबुनियाद थी झूठी थी, राहुल सदन में प्रिपेयर्ड नहीं थे।

