नई दिल्ली:श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे दिव्य मंदिर का गर्भगृह से लेकर शिखर तक स्वर्ण जड़ित होगा। अब इस पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट की मुहर लग गयी है। बिहार के महाबीर ट्रस्ट के प्रस्ताव पर ट्रस्टियों की आम सहमति बन गयी है। यही नहीं मंदिर का सिंहद्वार भी चांदी की चमक बिखेरेगा। यह जिम्मेदारी उठाने के लिए हरिद्वार स्थित काशीमठ के पीठाधीश्वर स्वामी संयम तीर्थ महाराज के अनुयायी सामने आये हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने बताया कि गर्भगृह में राम लला विराजमान के आसन के साथ शिखर को स्वर्णजड़ित करने सभी ट्रस्टियों की सहमति बन चुकी है।
किशोर कुणाल ने दिया पूरे गर्भगृह को स्वर्णजड़ित करने का प्रस्ताव
महाबीर मंदिर ट्रस्ट पटना व अमावांराम मंदिर रामकोट के सचिव एंव पूर्व आईपीएस अधिकारी किशोर कुणाल ने पूरे गर्भगृह को स्वर्णजड़ित कराने का प्रस्ताव दिया था। जिसमें यह कहा गया था कि गर्भगृह में जितना भी स्वर्ण लगेगा उसे महाबीर मंदिर ट्रस्ट के माध्यम से रामजन्मभूमि को समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीर्थ क्षेत्र कहेगा तो स्वर्ण खरीद कर दिया जाएगा।
दिसंबर2023 तक दी जाएगी सभी किस्तें
शोर कुणाल ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद ही राम मंदिर निर्माण के लिए दस करोड़ प्रदान करने का निर्णय महावीर मंदिर ट्रस्ट ने लिया था। रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र गठन के बाद से अब तक दो-दो करोड़ की तीन अलग-अलग किस्तें तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को भेंट कर दी गई है। अवशेष चार करोड़ की धनराशि में, दो करोड़ की चौथी किश्त जुलाई व अंतिम किश्त दिसम्बर 2023 से पहले ही दे दी जाएगी।

