रसोई गैस सिलेंडर का भारी-भरकम और जंग लगे लोहे वाला रूप पूरी तरह से बदलने वाला है। दरअसल देश की मुख्य ऑयल मार्केटिंग कंपनियों जैसे BPCL और HPCL ने गैस सिलेंडर की तकनीक को पूरी तरह से बदल दिया है। हाल ही में इन कंपनियों ने Bharatgas Lite ZIP और Swiggy Instamart के साथ HP Navya को पेश किया है। दरअसल ये नए जमाने के कंपोजिट सिलेंडर्स हैं।जिन्हें आधुनिक तकनीक और बेहतर फीचर्स के साथ तैयार किया गया है। इन कंपोजिट सिलेंडर्स की खासियत है कि ये आम सिलेंडर से ना सिर्फ ज्यादा फीचर रिच हैं बल्कि ज्यादा सुरक्षित भी हैं। ।
लोहे वाले सिलेंडर के मुकाबले नई तकनीक पर आधारित कंपोजिट सिलेंडर 50% तक हल्का होता है। इस वजह से इसे महिलाएं या बुजुर्ग भी आसानी से उठा सकते हैं।
आम लोहे वाला सिलेंडर 14.2 किलोग्राम का होता है वहीं नए कंपोजिट सिलेंडर 10 किलोग्राम और 5 किलोग्राम जैसे हल्के और सुविधाजनक वेरिएंट्स में आते हैं।
हल्के वजन और बेहतर ग्रिप वाले डिजाइन की वजह से इन्हें सीढ़ियों पर ले जाना या घर के अंदर एक जगह से दूसरी जगह खिसकाना काफी आसान होता है।
जहां आम सिलेंडर भारी-भरकम लोहे के बने होते हैं वहीं कंपोजिट सिलेंडर तीन परतों से तैयार होते हैं। इसमें फाइबरग्लास और एडवांस्ड पॉलिमर का इस्तेमाल किया जाता है।
इसकी खासियत है कि बॉडी पर कभी जंग नहीं लगता। इससे इन्हें इस्तेमाल करने वाले के फर्श पर कभी दाग भी नहीं पड़ते।
कंपोजिस सिलेंडर सिर्फ मटीरियल के मामले में ही नहीं बल्कि लुक में भी काफी मॉडर्न होते हैं। इन्हें अपने मॉड्युलर किचन में भी आप बिना छिपाए इस्तेमाल में ले सकते हैं।
नई तकनीक पर आधारित गैस सिलेंडर का सबसे बड़ा फीचर है कि इसमें आप साफ देख सकते हैं कि सिलेंडर में कितनी गैस है। दरअसल इसकी बॉडी बीच में से ट्रांसलूसेंट होती है, जिसमें से गैस का लेवल दिखाई देता है।
अभी तक लोहे वाले सिलेंडर में गैस का पता लगाने के लिए वजन करना ही एकमात्र तरीका होता था लेकिन इन एडवांस सिलेंडर पर कोई भी साफ देख सकता है कि उसमें गैस कितनी है और कब खत्म होने वाली है।
इस सिलेंडर की वजह से उपभोक्ता को अचानक सिलेंडर खत्म होने का डर नहीं रहता। गैस का स्तर साफ दिखने की वजह से कोई भी अपना रीफिल समय पर बुक कर सकता है।
लोहे के सिलेंडर के मुकाबले कंपोजिट सिलेंडर ज्यादा सुरक्षित भी हैं। आग लगने पर भी ये सिलेंडर बम की तरह नहीं फटते।
इनमें इस्तेमाल होने वाला फाइबर ग्लास स्ट्रक्चर इतना मजबूत होता है कि गिरने या शॉक लगने को आसानी से झेल जाता है।
इसके अलावा इस सिलेंडर के वाल्व और सीलिंग मैकेनिज्म को एडवांस सेफ्टी स्टैंडर्ड्स पर डिजाइन किया गया है, जिससे गैस लीकेज की संभावना न के बराबर हो जाती है।

