IRCTC पर टिकट बुक करना किसी परीक्षा से कम नहीं है। हैवी ट्रैफिक, कैप्चा और मुश्किल स्टेप्स के चक्कर में कई लोग खुद टिकट बुक करने से कतराते भी हैं। ऐसे में अगर यह काम AI कर दे तो कैसा रहेगा? दरअसल OpenAI द्वारा हाल ही में लॉन्च किए गए एडवांस मॉडल GPT-6 Astra के साथ लोग ऑनलाइन अनूठे एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं। ऐसे में एक कंटेंट क्रिएटर ने छोटे से वॉयस-टेक्स्ट प्रॉम्प्ट के जरिए AI से IRCTC पर टिकट सर्च करने, ट्रेन चुनने और पैसेंजर फॉर्म भरने जैसा पूरा काम ऑटोमैटिक तरीके से करवा लिया।
GPT-6 Astra से IRCTC पर टिकट बुक कराने वाले शख्स ने पहले इसके फीचर्स को लेकर एक रील पोस्ट की थी। इस पर एक यूजर ने कमेंट कर पूछा था कि क्या नया AI भारत के IRCTC प्लेटफॉर्म पर टिकट बुक कर सकता है? शुरुआत में खुद क्रिएटर को भी इस पर संदेह था क्योंकि IRCTC एक सरकारी और सख्त सिक्योरिटी वाली वेबसाइट है। इसके बावजूद उन्होंने इसे चेक करने के लिए एक्सपेरिमेंट को अंजाम देने की ठानी।
कमाल की बात यह रही कि ChatGPT Astra ने IRCTC पर टिकट बुक करने का काम एक साधारण से प्रॉम्प्ट के जरिए कर दिया। कंटेंट क्रिएटर ने अपने सिस्टम में ChatGPT Astra को खोला और ब्राउजर टूल का इस्तेमाल करते हुए साधारण सा निर्देश दिया कि मुझे 20 सितंबर को रात 9 बजे से 11 बजे के बीच मुंबई से राजकोट के लिए AC क्लास में दो लोगों का ट्रेन टिकट बुक करना है। ब्राउजर का उपयोग करें।
इसके बाद AI ने अपने ब्राउजिंग फीचर के जरिए IRCTC पोर्टल को नेविगेट करना शुरू किया।
AI ने पहले बोर्डिंग और डेस्टिनेशन स्टेशन चुने।
इसके बाद तय की गई तारीख और समय के हिसाब से चलने वाली सभी ट्रेनों की लिस्ट निकाली
इसके बाद AC क्लास की सभी बोगियों में सीटों की उपलब्धता को चेक किया।
इस काम को करते हुए AI को पता चला कि तय तारीख पर उस समय के लिए सभी सीटें वेटिंग लिस्ट में थीं।
AI ने क्रिएटर को इस बारे में बताया और पूछा कि आगे क्या करना है।
इसके बाद क्रिएटर ने अगले दिन की टिकट बुक करने को कहा, जिस पर AI ने तुरंत अगले दिन की ट्रेन सर्च करके फॉर्म भर दिया।
क्रिएटर ने बताया कि सारा काम AI से कराने के बाद उसे सिर्फ पेमेंट करनी थी।
AI से IRCTC पर टिकट कराने की वीडियो के चलने के बाद से बहस छिड़ गई है कि क्या AI IRCTC पर तत्काल टिकट करवाकर दे सकता है? इसके अलावा लोग यह भी बात कर रहे हैं कि क्या AI इंसानी नौकरियों और रोजमर्रा के डिजिटल कामों को पूरी तरह से बदल देगा?
वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी लिखा कि इस टूल का इस्तेमाल नौकरियों के लिए ऑटोमैटिक रेज्यूमें भेजने के लिए भी किया जाना चाहिए।

