बीरेंद्र कुमार झा
पश्चिम बंगाल में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान व्यापक हिंसा में अब तक करीब 18 लोगों की मौत हो चुकी है। आज रविवार को भी कई जगहों से हिंसा की खबर आ रही है। इधर हिंसा पर राजनीति भी तेज हो गई है। बीजेपी ने हिंसा के लिए टीएमसी को जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बंगाल हिंसा को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है।
स्मृति ईरानी ने बंगाल हिंसा को बताया मौत का खेला
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बंगाल में जारी हिंसा को मौत का खेला बताया है।उन्होंने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव में जिस प्रकार से लोकतंत्र की हत्या होते हुए लोग देख रहे हैं, जहां लोकतांत्रिक अधिकारों को व्यवहार में लाने के लिए लोगों को मौत के घाट उतारा जा रहा है। कांग्रेस उसी तृणमूल के साथ बंगाल में हाथ मिला रही है।क्या उनसे हाथ मिलाना राहुल गांधी को मंजूर है जो पश्चिम बंगाल में कहर बरपा रहे हैं।
अधीर रंजन ने ममता बनर्जी पर बोला हमला का आपके हाथ खून से सने
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि राज्य में और विशेष रूप से मुर्शिदाबाद में स्थिति बहुत तनावपूर्ण और प्रतिकूल है मैं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछना चाहता हूं कि आप किस तरह का लोकतंत्र चाहते हैं? आपके हाथ खून से सने हुए हैं ।कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने यह बात मुर्शिदाबाद में पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा के दौरान कथित तौर पर मारे गए पार्टी कार्यकर्ता की परिवार के सदस्यों से मुलाकात के बाद कही।
बंगाल में हिंसा का लंबा इतिहास
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा का लंबा इतिहास रहा है। 2003 के पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा में 76 लोगों की मौत हुई थी और अकेले मतदान वाले दिन ही 40 लोग मारे गए थे।पिछले महीने चुनाव की तारीख की घोषणा होने के बाद से अब तक पश्चिम बंगाल में 30 लोग मारे गए हैं।इससे पहले 2018 के पंचायत चुनाव में भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी।
