बिहार के अगले सीएम सम्राट चौधरी होंगे।बीजेपी विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया है। इस बैठक में विजय सिन्हा ने उनके नाम का ऐलान किया।बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और बीजेपी के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान मौजूद थे।सम्राट चौधरी के नाम का समर्थन दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय ने भी किया।
नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वे सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी से राजभवन पहुंचे थे। नीतीश कुमार ने 20 नवंबर 2025 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।आज 14 अप्रैल को वे इस्तीफा देते हैं तो यह अवधि 145 दिन की होगी।नीतीश कुमार का यह दूसरा छोटा कार्यकाल होगा. इससे पहले साल 2000 में उन्होंने 3 मार्च को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, लेकिन 10 मार्च को ही इस्तीफा देना पड़ा था।
मंगलवार सुबह से ही बिहार में राजनीतिक हलचल तेज थी।सुबह-सुबह सीएम हाउस पर संजय झा, विजय चौधरी और ललन सिंह पहुंचे थे। इसके बाद सम्राट चौधरी भी वहां पहुंचे। करीब आधे घंटे की बैठक के बाद विजय चौधरी, सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार एक ही गाड़ी से सीएम हाउस से बाहर निकले। गाड़ी की फ्रंट सीट पर विजय चौधरी बैठे थे, जबकि बैक सीट पर सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार मौजूद थे।
आखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार भावुक नजर आए।उन्होंने कहा कि 2005 में जब वे सरकार में आए, तब से जहां तक संभव हुआ उन्होंने काम किया और नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा। इस बैठक के बाद कई मंत्रियों ने नीतीश कुमार के कार्यकाल को ऐतिहासिक बताया।

