- बीरेंद्र कुमार झा
कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने मेघालय चुनाव को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए बड़ा दावा किया।शिलांग पहुंचे सचिन पायलट ने कहा कि हमारे पास भारतीय जनता पार्टी की बराबरी करने के लिए संसाधन नहीं हो सकते हैं, लेकिन हमारे पास लोगों की इच्छा, समर्थन और मतदाताओं का आशीर्वाद है। कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने कहा कि मुझे लगता है हम बहुत अच्छा करेंगे और मेघालय में विधान सभा चुनाव के बाद अगली जो सरकार बनेगी, वह सरकार कांग्रेस की ही होगी।
बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने सवालिया लहजे में कहा कि भविष्य के लिए खाली वादों के अलावा बीजेपी और क्या पेश कर रही है ? जब दिल्ली में 8 साल और मेघालय में 5 साल सत्ता में थे तो उन्होंने विकास के लिए यहां कौन-कौन से काम किया? तंज कसते हुए सचिन पायलट ने कहा कि आपके सहयोगियों को क्या हो गया कि आप 5 साल से सत्ता साझा कर रहे थे और अब अचानक एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि बीजेपी यहां एक स्वार्थी सत्ता का खेल खेल रही है। कौन कह सकता है कि चुनाव के बाद ये फिर से गठबंधन नहीं करेंगे ? मुझे लगता है कि बीजेपी किसी को ना नहीं कर रही है, राजनीतिक परिवार और लोगों को खरीदने के लिए मणिपुर में ओपन गेम खेला जा रहा है।
बीजेपी भी कर रही मेघालय में जीत का दावा
सचिन पायलट से इधर असम के मुख्यमंत्री हेमंत विश्व शर्मा ने मेघालय में बीजेपी की चुनावी जीत का दावा किया है उनका कहना है कि अब मेघालय की स्थिति बदल चुकी है और बीजेपी ही पूर्वोत्तर राज्य में अगली सरकार बनाने जा रही है ।
बीजेपी ने सभी 60सीटों परुतारे उम्मीदवार
बीजेपी ने मेघालय विधानसभा के लिए फरवरी के अंत में होने वाले चुनाव के मद्देनजर राज्य की सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं मेघालय विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान 27 फरवरी को और मतगणना 2 मार्च को की जाएगी ।बीजेपी ने पिछले विधानसभा चुनाव में 47 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन तब उसे महज दो ही सीटों पर जीत मिली थी। इस बार बीजेपी ने सभी 60 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिसमें कांग्रेस और दूसरे दलों से आए हुए उम्मीदवार भी शामिल है। इस चुनाव में बीजेपी अपने 5 वर्षों तक एनपीपी के साथ गठबंधन वाली सरकार को लेकर अपनी उपलब्धि तथा कांग्रेस और अन्य दलों के नेताओं के हैसियत के आधार पर चुनाव में बहुमत लाने का ख्वाब देख रही है।

