छपरा 5 सितंबर 2026:सारण जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव एवं स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थलों एवं आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के लिए आवश्यकतानुसार नावों का परिचालन किया जा रहा है तथा सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रमुख कार्य निम्नलिखित हैं—
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थलों एवं आश्रय स्थलों तक पहुंचाया जा रहा है।
आवश्यकता के अनुसार नावों का परिचालन कर लोगों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित की जा रही है।
प्रभावित लोगों के लिए विभिन्न स्थानों पर कम्युनिटी किचन संचालित किए जा रहे हैं।
बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन, अन्य राहत सामग्री एवं पॉलिथीन शीट्स का वितरण किया जा रहा है।
लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मोबाइल मेडिकल टीमों, बोट एंबुलेंस एवं अन्य चिकित्सा संसाधनों के माध्यम से लगातार चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
आश्रय स्थलों पर पशुओं के लिए पशुचारा की व्यवस्था की गई है।
पशुओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच एवं आवश्यक उपचार के लिए पशु चिकित्सा दल लगातार कार्यरत हैं।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंधों की मरम्मती एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य संबंधित विभागों द्वारा युद्धस्तर पर कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत, चिकित्सा एवं अन्य सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं तथा राहत एवं बचाव कार्यों की निरंतर समीक्षा की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, सुरक्षित स्थलों पर रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में संबंधित पदाधिकारियों एवं नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

