Rajnath Singh Philippines Visit: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और सैन्य क्षमताओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है। फिलीपींस के सेबू में 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-Plus) के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत किसी देश को उकसाने में विश्वास नहीं करता, लेकिन चुनौती मिलने पर मजबूती से जवाब देता है।
‘भारत की बात दुनिया गंभीरता से सुनती है’
राजनाथ सिंह के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आज भारत अपनी बात रखता है तो दुनिया उसे गंभीरता से सुनती है। उन्होंने प्रधानमंत्री को विभिन्न देशों से मिले सर्वोच्च नागरिक सम्मानों का भी जिक्र किया।
भारत की सोच का उल्लेख करते हुए रक्षा मंत्री ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारत पूरी दुनिया को एक परिवार मानता है और वैश्विक सहयोग में विश्वास रखता है।
अर्थव्यवस्था और रक्षा क्षमता पर कही बड़ी बात
भारतीय अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए सिंह ने कहा कि देश फिलहाल दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संकट को आर्थिक प्रगति के संदर्भ में उठाते हुए कहा कि परिस्थितियां अनुकूल रहतीं तो भारत शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में पहुंच सकता था।
रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की रक्षा तैयारियां पहले से मजबूत हुई हैं। उनका संदेश था कि देश शांति चाहता है, लेकिन किसी भी उकसावे का जवाब देने में सक्षम है।

