महाराष्ट्र: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) प्रमुख राज ठाकरे पर सोशल मीडिया रील में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद मराठी कंटेंट क्रिएटर और रीलस्टार महेश मोटे को लेकर विवाद खड़ा हो गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग उनके चेहरे पर काला रंग लगाते और उनसे माफी मंगवाते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि महेश मोटे ने कुछ दिन पहले राज ठाकरे को लेकर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिस पर MNS कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। रिपोर्टों के मुताबिक, केरल से पुणे लौटने के बाद उन्हें कात्रज इलाके से पकड़ा गया और पार्टी के स्थानीय कार्यालय ले जाया गया।
वायरल वीडियो में महेश को राज ठाकरे की तस्वीर के सामने झुककर माफी मांगते और सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करते देखा जा सकता है। घटना के बाद सामने आए एक अन्य वीडियो में महेश ने रोते हुए अपने बयान के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें राज ठाकरे या MNS के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी।
MNS के हडपसर विधानसभा क्षेत्र के सब-डिविजन प्रेसिडेंट शुभम जगदाले के मुताबिक, महेश ने करीब 15 दिन पहले राज ठाकरे के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। जगदाले ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं ने इसी वजह से उनसे माफी मंगवाई और चेतावनी दी कि पार्टी प्रमुख के खिलाफ ऐसी टिप्पणियों पर संगठन अपनी प्रतिक्रिया देगा।
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

