पटना में 23 जून को विपक्षी दलों की बैठक में खड़गे ,राहुल समेत सभी दिग्गज होंगे शामिल

0
112

न्यूज़ डेस्क

विपक्षी एकता की बैठक का अंजाम क्या होगा यह देखना बाकी है लेकिन आज शाम को जो खबर पटना से आयी है वह विपक्षी दलों के लिए बेहद सुखद है। जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा है कि 23 जून की बैठक में विपक्ष के सभी नेता शामिल होंगे। इस बैठक में राहुल गाँधी भी होंगे और खड़गे भी। इसके साथ ही विपक्ष के अधिकतर बड़े नेता इस बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। सबकी सहमति भी मिल गई है। बता दें कि यह बैठक पटना के बापू सभागार में होगी।
जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह ने बताया कि जो बैठक पहले 12 जून को होनी थी, वो अब 23 जून को होगी। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे। इनके अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे, शरद पवार, केजरीवाल, हेमंत सोरेन, स्टालिन, अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। इन सबकी सहमति से बैठक की तारीख तय हुई है। बैठक में लेफ्ट के नेता भी बैठक में शामिल होंगे, जिनमें सीताराम येचुरी, डी राजा, दीपांकर भट्टाचार्य जैसे नाम शामिल हैं।बिहार के उप मुख्यमंत्री और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पटना में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की।
जेडीयू अध्यक्ष ने बताया कि देश में आज अघोषित आपातकाल लागू है। इधर, आरजेडी के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी को रोकने के लिए विपक्षी दलों को एक साथ लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। 23 जून को पटना में विपक्षी दलों की एक बड़ी बैठक होने वाली है। देश के जो हालात हैं उसे देखते हुए पटना में एक अहम बैठक होने वाली है। इस बैठक के बाद एक सकारात्मक रिजल्ट आएगा उन्होंने कहा कि आज देश की जो स्थिति है उसमे लोकतंत्र पर प्रहार किया जा रहा है तथा संविधान के साथ छेड़छाड़ की जा रही है। ऐसे में बीजेपी को हटाने के लिए हम सब एक साथ बैठ कर आगे की रणनीति बनाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here