Bihar News:बिहार की 232 करोड़ की सिंचाई परियोजना पर सख्त एक्शन: मुख्य सचिव बोले— काम धीमा पड़ा तो होगी कार्रवाई!”

0
23

Bihar News:बिहार में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए चल रही मंडई वीयर और नहर प्रणाली परियोजना पर अब सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को इस महत्वाकांक्षी योजना की विस्तृत समीक्षा की और साफ निर्देश दिया कि किसी भी हालत में काम की रफ्तार धीमी नहीं होनी चाहिए।

करीब 232.83 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को कृषि के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जिससे बड़े इलाके में सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

कई हिस्सों में तेजी, फिर भी बढ़ानी होगी रफ्तार

समीक्षा के दौरान सामने आया कि परियोजना के अलग-अलग हिस्सों में काम जारी है और कई जगहों पर अच्छी प्रगति भी दर्ज की गई है।

लेफ्ट हेड रेगुलेटर में 62 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा हो चुका है, जबकि कररूआ डिस्ट्रीब्यूटरी में 65 प्रतिशत से अधिक प्रगति दर्ज की गई है। वहीं दायां मुख्य नहर (RMC) करीब 49 प्रतिशत और बायां मुख्य नहर (LMC) 53 प्रतिशत से अधिक तैयार हो चुका है। हालांकि, मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि यह गति पर्याप्त नहीं है और लक्ष्य हासिल करने के लिए इसे और तेज करना होगा।

जमीन से लेकर नहर तक हर स्तर पर काम जारी

परियोजना के तहत वीयर निर्माण के साथ-साथ दाएं और बाएं मुख्य नहरों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा अफ्लक्स बंड और अन्य संरचनाओं पर भी लगातार काम चल रहा है।

सरकार का फोकस इस बात पर है कि सभी घटकों को एक साथ पूरा किया जाए, ताकि पूरी सिंचाई प्रणाली एक साथ चालू हो सके।

संसाधनों की कमी पर सख्त नाराजगी

समीक्षा में यह भी सामने आया कि कई जगहों पर मैनपावर और मशीनरी की कमी है, जिससे काम प्रभावित हो रहा है।

इस पर प्रत्यय अमृत ने नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि तुरंत अतिरिक्त एक्सकेवेटर, टिपर और श्रमिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि काम में कोई रुकावट न आए।

मानसून से पहले पूरा करने का अल्टीमेटम

मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले मिट्टी कार्य और नहर लाइनिंग जैसे महत्वपूर्ण काम हर हाल में पूरे किए जाएं।

साथ ही जिन क्षेत्रों में मिट्टी की कमी है, वहां वैकल्पिक व्यवस्था और सुचारु परिवहन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

अब हर हफ्ते होगी निगरानी

परियोजना की प्रगति पर नजर बनाए रखने के लिए वरीय अधिकारियों को नियमित साइट विजिट करने और साप्ताहिक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि सख्त मॉनिटरिंग से ही इस परियोजना को समय पर पूरा किया जा सकता है।

किसानों के लिए बड़ी राहत की उम्मीद

मंडई वीयर और नहर प्रणाली के पूरा होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने वाली है। इससे सिंचाई की सुविधा बढ़ेगी और कृषि उत्पादन में सुधार होगा। सरकार ने साफ कर दिया है कि इस परियोजना में किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here