न्यूज़ डेस्क
बिहार में सबको 12 जून का इन्तजार है। पटना के बापू सभागार में 12 जून को विपक्षी एकता की बैठक होनी है और कहा जा रहा है कि यहाँ से राजनीति बदलने की कवायद शुरू होगी। विपक्ष किसी भी सूरत में बीजेपी को हराने की बात करता है लेकिन बीजेपी के समर्थक आज भी बीजेपी के साथ खड़ा रहने पर अड़े हुए हैं। खबर ये भी है कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही बिहार की यात्रा भी करने वाले हैं। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक 12 जून के बाद पीएम मोदी कभी भी बिहार पहुँच सकते हैं और लोकसभा चुनाव के लिए लोगों के सामने अपनी बात रख सकते हैं। लेकिन इसी बीच कभी मोदी के रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर आज बीजेपी के खिलाफ बोलने से नहीं चूक रहे। उन्होंने साफ़ तौर से कहा है कि बीजेपी ने बिहार के लिए कुछ भी नहीं किया। सालों तक बीजेपी और जदयू की सरकार बिहार में चलती रही लेकिन पिछले दस सालों में पीएम मोदी ने एक बार भी बिहार को लेकर कोई बैठक नहीं की है।
बिहार में पीएम मोदी जायेंगे लेकिन इससे पहले ही प्रशांत किशोर ने बीजेपी को कठघरे में खड़ा कर दिया है। संभव है कि बिहार में पीएम मोदी को भी इसका जवाब नहीं नहीं मिलेगा। पीके ने कहा कि आज लोग मुझसे कहते हैं कि मोदी आ जाएंगे तो बिहार सुधर जाएगा, लेकिन 2014 तक आधा से ज्यादा बिहार मोदी को नहीं जानता था। उन्होंने कहा कि मैंने ही मोदी का प्रचार किया था।
पीके ने कहा कि आज सब मोदी के भक्त हो गए हैं। उनको वोट देते हैं और हमसे कहते हैं कि आपको पता है नरेंद्र मोदी से ही देश का कल्याण होगा। मैं आपको बताने आया हूं मोदी ने बिहार का विकास किया या नहीं किया ये बात छोड़ दीजिए। मोदी के आने से बिहार को फायदा हुआ या नहीं हुआ ये भी छोड़ दीजिए। मोदी के आने से घरेलू गैस सिलेंडर 1250 रुपये और पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर हो गया, ये बात भी छोड़ दीजिए। आज मैं जितने भी मोदी के समर्थक हैं उन सबको खुली चुनौती देता हूं कि पिछले 9 सालों में मोदी ने अगर बिहार के लिए एक भी बैठक की है तो उस बैठक की खबर दिखा दीजिए, हम आज से ही मोदी का झंडा लेकर चल देंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि पिछले 9 सालों में मोदी ने बिहार के लिए एक बैठक तक नहीं की है। आज फिर भी हम लोग जाकर बीजेपी को वोट दे रहे हैं तो बिहार की दुर्दशा कहां से सुधरेगी। बता दें कि 12 जून को पटना में विपक्षी दलों की बैठक है। कई दलों के नेताओं का पटना में जुटान होगा।

