न्यूज डेस्क
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा का तीसरा दिन ऐतिहासिक समझौतों के नाम रहा। अमेरिकी कंपनी एयरोस्पेस और भारत की हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लि. ने गुरुवार को हल्के लड़ाकू विमान तेजस के जेट इंजद देश में बनाने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए। यह तकनीक अमेरिका ने अब तक अपने करीबी सैन्य सहयोगियों को भी नहीं दी है। पहले जीई भारत को सिर्फ ये इंजन बेचती थी।
रक्षा संबंधों को और मजबूती देते हुए भारत और अमेरिका के बीच जनरल आटोमिक एमक्यू9 रीपर हथियार ड्रोन की बिक्री का समझौता भी हुआ। यह ड्रोन एमक्यू1 प्रिडेटर ड्रोन के मुकाबले 9 गुना ज्यादा हॉर्सपॉवर क्षमता का है और 5 गुना ज्यादा हथियार अपने ले जा सकता है। किसी भी युद्ध की स्थिति में यह लंब समय तक निगरानी और हमले को अंजाम दे सकता है। भारत को यह मानवरहित विमान मिलने के साथ हिंद महासागर और चीन सीमा पर निगरानी की क्षमता कई गुना बढ़ जाएगी।
नासा और इसरो शुरू करेंगे संयुक्त अंतरिक्ष यात्री मिशन
रक्षा क्षेत्र में इन दो अहम समझौतों के अलावा दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतांत्रिक देशों में अंतरिक्ष क्षेत्र में भी बड़े सहयोग की राह खुल गयी है। दोनों देशों ने अगले वर्ष के लिए संयुक्त अंतरिक्ष यात्री मिशन शुरू करने की घोषणा की है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने बताया कि भारत ने आर्टिमिस संधि में शामिल होने का फैसला किया है। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा और भारत के इसरो ने 2024 में अंतराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए संयुक्त मिशन भेजने का फैसला लिया है। गुजरात में सेमीकंडक्टर चिप की टेस्टिंग और अलेंबली का संयंत्र लगाने से संबंधित समझौता पीएम मोदी के दौरे की एक और बड़ी उपलब्धि रही। गुरुवार को अमेरिकी कंपनी माइक्रोन के सीईओ संजय मेहरोत्रा ने पीएम मोदी से भेंट करने के बाद गुुजरात में इस संयंत्र के निर्माण के लिए 6,759 करोड़ के निवेश की घोषणा की।
पीएम मोदी का व्हाइट हाउस में भव्य स्वागत,गार्ड ऑफ ऑनर और 21 तोपों की सलामी
प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार शाम को व्हाइट हाउस पहुंचे,जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्हें व्हाइट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राष्ट्रपति जो बाइडन खुद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर के लिए ले गये, जहां दोनों देशों के राष्ट्रगान की धुन भी बजाई गयी, साथ ही मोदी को 21 तोपों की सलामी दी गई । समारोह में उपराष्ट्रपति कमला हैरिस व उनके पति डगलस एमहॉफ भी मौजूद रहे।

