MLC चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर PM मोदी ने बैलेट पेपर का जिक्र कर कसा तंज

0
4

एक तरफ कांग्रेस चुनाव में ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाकर चुनाव आयोग को घेर रही है, तो दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चार राज्यों के विधान परिषद चुनावों के नतीजों को लेकर पार्टी पर तंज कस दिया। मोदी ने ऐसा सवाल पूछा, जिसका जवाब कांग्रेस के लिए असहज करने वाला है। उन्होंने उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और कर्नाटक में हुए MLC चुनावों का जिक्र करते हुए पूछा कि जब ये चुनाव बैलेट पेपर से हुए, तो कांग्रेस ने आखिर कितनी सीटें जीतीं? दरअसल, इन चुनावों में कांग्रेस अपना खाता खोलने में भी नाकाम रही। पीएम मोदी की इस टिप्पणी को विपक्ष के चुनावी आरोपों पर सियासी पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक जैसे चार बड़े राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों पर चुनाव हुए। उन्होंने खास तौर पर इस बात का जिक्र किया कि मतदान बैलेट पेपर के जरिए कराया गया था। इसके बाद उन्होंने सवाल किया, ‘अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?’

मोदी का यह तंज ऐसे समय आया है, जब कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों को लेकर लगातार हमलावर है। ऐसे में बैलेट पेपर से हुए चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन को सामने रखकर प्रधानमंत्री ने विपक्ष की दलीलों पर सवाल खड़ा करने की कोशिश की।

कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दल चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की गई है। इसी राजनीतिक माहौल के बीच पीएम मोदी की पोस्ट ने बहस को नया मोड़ दे दिया। बीजेपी का तर्क है कि जब चुनाव बैलेट पेपर से हुए, तब भी कांग्रेस को जीत नहीं मिली।

कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा झटका कर्नाटक से आया, जहां उसकी अपनी सरकार है। विधान परिषद की चारों सीटों पर बीजेपी और जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन ने जीत दर्ज की। बीजेपी ने अपनी तीन सीटें बरकरार रखीं, जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस को हराकर सीट छीन ली। यह नतीजा इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि राज्य में सत्ता में होने के बावजूद कांग्रेस इन चुनावों में कोई सीट नहीं जीत सकी।

बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने अलग-अलग राज्यों में हुए एमएलसी चुनावों के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जोरदार निशाना साधा। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने भारतीय चुनाव प्रक्रिया को लेकर झूठे आरोपों का जो माहौल बनाया था, उनकी अराजकता फैलाने की उम्मीदें चुनाव परिणामों के साथ ही चकनाचूर हो गई हैं।

बीजेपी सांसद ने कहा कि संदेश साफ है कि कांग्रेस पार्टी इन एमएलसी चुनावों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने में नाकाम रही है। सबसे अहम बात यह है कि ये चुनाव बैलेट बॉक्स और बैलेट पेपर के जरिए कराए गए थे, फिर भी कांग्रेस अपना प्रभाव नहीं दिखा पाई। अगर कांग्रेस नेताओं की भाषा में कहें तो पार्टी अपना अस्तित्व तक महसूस कराने में विफल रही है। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के पास किसी भी चुनाव में जनता और मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की क्षमता नहीं है, चाहे चुनाव ईवीएम से हों या बैलेट पेपर से।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह करीब दो सप्ताह तक मौज-मस्ती और सैर-सपाटा करने के बाद वापस लौटे हैं और अब ऐसे आंदोलन की बात कर रहे हैं, जिससे भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। उन्हें समझना चाहिए कि न तो जनता और न ही विधायक उनके साथ हैं। जनता का समर्थन कड़ी मेहनत से मिलता है, न कि सैर-सपाटे और मौज-मस्ती से।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here