पीएम मोदी ने सहारनपुर से विपक्ष को ललकारा, कहा यह चुनाव विकसित भारत बनाने का

0
76

 

भारत में लोकसभा की सबसे ज्यादा 80 सीट उत्तर प्रदेश में है।तभी तो यह कहा जाता है कि प्रधानमंत्री की कुर्सी तक का रास्ता उत्तर प्रदेश होकर जाता है। ऐसे में हर राजनीतिक दल उत्तर प्रदेश के 80 सीटों में से ज्यादातर सीटों पर अपना परचम लहराने के प्रयास में लगा रहता है।अन्य पार्टियों की तरह भारतीय जनता पार्टी भी इस प्रयास में लगी हुई है कि संभव हो तो यहां की 80 में से 80 सीट जीत ली जाय।इस क्रम मे पश्चिम उत्तर प्रदेश को फतह करने के अभियान में पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को सहारनपुर में थे। उन्होंने राधा स्वामी सत्संग मैदान में जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने राम- राम के अभिवादन से अपना भाषण शुरू किया।पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सरकार बनाने का चुनाव नहीं है,बल्कि यह चुनाव विकसित भारत बनाने का है।दुनिया भर में भारत का डंका बज रहा है मैंने गारंटी दी थी कि देश को झुकने नहीं दूंगा। एक समय देश विश्व में 11वें नंबर पर था, आज हम पांचवें नंबर पर हैं।

हमारा मिशन भ्रष्टाचार हटाओ

अपने भाषण में विरोधी पार्टियों को घेरते हुए उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि सारे भ्रष्टाचारी एकजुट होकर मोदी को धमकी दे रहे हैं। आपके सामने चित्र साफ है।एक तरफ हम हैं, जिसका मिशन है,भ्रष्टाचार हटाओ।दूसरी तरफ वे हैं जिनका मिशन कहता है कि भ्रष्टाचारी को बचाओ।लेकिन मोदी पीछे हटने वाला नहीं है।भ्रष्टाचार पर कार्रवाई जारी रहेगी। यह मोदी की गारंटी है। 10 साल में जो हुआ है, उसकी आज चारो तरफ चर्चा है। लोग घंटो घंटो तक काम की सराहना करते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि मैंने 8-10 साल के एक छोटे बच्चे का वीडियो देखा।उसे मोदी के सब काम याद हैं। वह एक के बाद एक सारे काम बताता है। यह दिखाता है कि मोदी के कार्यकाल में काम बहुत हुआ है। लोग उसे बहुत पसंद करते हैं।

सभी बूथ जीतने की अपील

पीएम मोदी ने भाषण के जरिए लोगों से अपील की कि सहारनपुर से हमारे साथी राघव लखन पाल और कैराना से प्रदीप कुमार को भारी बहुमत से विजयी बनाकर संसद भेजना है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में अपने ही रिकार्ड तोड़ने होंगे। आपके बूथ में पिछले तीन चुनाव में जितना मतदान हुआ है, उससे भी ज्यादावोट बीजेपी को दिलाएंगे।बूथ जीतकर लाएंगे। दोनों लोकसभा के सभी बूथों पर जीतकर दिखाना है।

गर्मी में सुबह-सुबह वोट डालें

पीएम मोदी ने कहा कि इस समय गर्मी बहुत है। लेकिन इतनी गर्मी में भी मतदान अधिक हो, यह हम सब की जिम्मेदारी है।धूप जितनी भी हो, हमें सुबह- सुबह ही मतदान करना है। उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से पूछा कि मोदी का एक काम है,करोगे? हर घर जाना और हर घर जाकर कहना कि मोदी सहारनपुर आए थे। मोदी ने आपको प्रणाम भेजा है। मेरा प्रणाम हर घर में पहुंचा देना।

दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर रिलीज

पीएम ने अपने भाषण के दौरान राहुल और अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में दो लड़कों की फ्लॉप फिल्म फिर से रिलीज हो गई है। मुझे समझ नहीं आता कि विपक्षी गठबंधन काठ की हांडी को कितनी बार चढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को हर घंटे में अपने उम्मीदवार बदलने पड़ रहे हैं। वहीं कांग्रेस को उम्मीदावार ही नहीं मिल रहा है।अपने गढ़ में भी कांग्रेस प्रत्याशी उतारने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here