बीरेंद्र कुमार झा
राहुल गांधी को संसद से डिसक्वालीफाई करने को लेकर कांग्रेसी अब बड़े आंदोलन के मूड में आ गए हैं।शुक्रवार को धरमपुर कोर्टयार्ड में राजस्थान प्रभारी विवेक बंसल ने डिसक्वालिफाइड डेमोक्रेसी के नाम से पत्रकार वार्ता की, जिसमें नरेंद्र मोदी और गौतम अडानी के रिश्तो पर सवाल उठाए गए। वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व एमएलसी विवेक बंसल ने सवाल उठाया कि आखिर अडानी के पास मॉरीशस से आया 20 हजार करोड़ किसका है? मोदी जी सरकार की विदेश यात्राओं में कितनी बार अडानी को अपने साथ ले गए। इसके साथ ही विदेशों में अडानी कितने ठेके प्रधानमंत्री ने दिलाए हैं। ऐसे कई सुलगते सवाल को लेकर अब कांग्रेस जनता के बीच आ रही है।
बीजेपी बताएं अडानी के खाते में ₹20 हजार करोड़ कैसे आए
कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी विवेक बंसल ने कहा कि बीजेपी के लोग हमेशा से षड्यंत्र करते रहे हैं। राहुल गांधी का बहुत साधारण विवाद था। इस पर जज ने अधिकतम सजा दी है। राहुल गांधी को सजा देने के दूसरे ही दिन उस जज को डिस्ट्रिक्ट जज बना दिया गया। सजा के दूसरे ही दिन राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर दी जाती है। यह सब साजिश के तहत हुआ है।हिंडोनवर्ग रिपोर्ट के खुलासे के बाद से देश के सबसे अमीर और दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति अडानी का शेयर तेजी से गिरा। उन्होंने आगे कहा कि अडानी के खाते में ₹20000 करोड़ कैसे आए?इन सवालों के जवाब न तो बीजेपी के नेता दे रहे हैं और ना ही प्रधानमंत्री कुछ बोल रहे हैं, बल्कि कहा जा रहा है कि अडानी पर हमला भारत पर हमला है।ऐसा कहकर बीजेपी इस मुद्दे को लगातार दूसरी ले जाने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी सरकार ने लोकतंत्र की आवाज दबाने की कोशिश की है
विवेक बंसल ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है और अपने विरोधियों का दमन करने के लिए किसी भी स्तर पर जाया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि उनके सिद्धांत केवल शब्दों तक सीमित हैं। 2014 में उन्होंने सिद्धांतवादी राजनीति करने का दावा किया था। उन्होंने कहा कि बीजेपी के द्वारा मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में पैसे के बल पर कांग्रेस सरकार गिराई गई। उन्होंने कहा कि जो गलत है और जो नहीं होना चाहिए , आज वही हो रहा है।संविधान खतरे में है।

