बीरेंद्र कुमार झा
पाकिस्तान में लोगों को अब आटे के लिए अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है। कराची से ऐसी खबर सामने आ रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कराची में आटा वितरण के दौरान भगदड़ मच गई ।इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो जाने की खबर सामने आ रही है।
पाकिस्तान में बिगड़े आर्थिक हालात
पड़ोसी देश पाकिस्तान में आर्थिक हालात इतने बिगड़ गए हैं कि यहां जीवन की सबसे बुनियादी जरूरत रोटी भी लोगों की थाली से दूर होती चली जा रही है। सरकार की तरफ से बांटे जा रहे फ्री आटे के लिए काफी भीड़ जुटती है, जिसमें कई बार भगदड़ मच जाती है और लोगों को इसमें अपनी जान से हाथ तक धोना पड़ जाता है। पाकिस्तान में पिछले कुछ दिनों में आटे के लिए मची भगदड़ की घटनाओं में अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। दरअसल पाकिस्तान में आसमान छूती महंगाई से लोगों को राहत देने के लिए पाकिस्तानी सरकार खासकर पंजाब प्रांत में गरीबों के लिए इस वक्त आटा बांट रही है।लेकिन इस दौरान कई बार भगदड़ मच जाती है और ऐसे भगदड़ में अबतक 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मंगलवार को पाकिस्तान में साहिवाल, नवलपुर, मुजफ्फरगढ़ और पुकारा में मची भगदड़ में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई इसके अलावा फैसलाबाद और मुल्तान में भी मौतें हुई हैं। पुलिस पर मुफ्त आटा पाने के लिए के लिए लंबी-लंबी लाइनों में लगे लोगों पर लाठीचार्ज करने का आरोप लग रहा है। इतना ही नहीं अब आटा वितरण केंद्रों पर सुरक्षा बलों को तैनात किया जा रहा है, ताकि ट्रकों की लूट न हो सके।
पाकिस्तान में आटा के लिए इमरजेंसी जैसे हालात
गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान में बीते 1 साल में दैनंदिनी के समान काफी महंगा हो गया है। आटे की कीमत में 45% की बढ़ोतरी हुई है पाकिस्तान में आटे की कीमत 145 से ₹160 प्रति किलो तक जा चुकी है।इस कारण गरीबों के लिए ईसे खरीदना मुश्किल हो गया है।वहीं गेहूं की किल्लत गहराने से लोगों में अपने और परिवार का पेट भरने की चिंता बढ़ गई है। पाकिस्तान में आटे की आपूर्ति डिमांड की तुलना में काफी कम है। ऐसे में इसकी कीमत हर रोज बढ़ रही है। इसके कारण पाकिस्तान में आटे के लिए इमरजेंसी जैसे हालात हो गए हैं।

