पटना: राजधानी पटना में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें पटना मेट्रो परियोजना के निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में साफ किया गया कि मेट्रो निर्माण की रफ्तार भी जारी रहेगी और आम लोगों को ट्रैफिक जाम की परेशानी भी नहीं होने दी जाएगी।
बेली रोड पर ट्रैफिक बाधित नहीं होने देंगे : मंत्री
बैठक के दौरान मंत्री नीतीश मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि विद्युत भवन से रुकनपुरा के बीच प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो टनल निर्माण के दौरान बेली रोड पर यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए निर्माण कार्य के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

DMRC को 15 दिन में तैयार करनी होगी पूरी कार्ययोजना
बैठक में मिले सुझावों के आधार पर Delhi Metro Rail Corporation को निर्देश दिया गया कि वह संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत सर्वेक्षण करे और 15 दिनों के भीतर ट्रैफिक प्रबंधन की समग्र कार्ययोजना सरकार को सौंपे।
इस योजना में निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक रूट, ट्रैफिक डायवर्जन, सुरक्षा व्यवस्था और नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, ऐसे सभी पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से लिए गए सुझाव
बैठक में मेट्रो निर्माण के दौरान संभावित ट्रैफिक दबाव को लेकर जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए।
इस दौरान श्याम रजक, रत्नेश कुमार, संजीव चौरसिया और संजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए।
कई विभाग मिलकर करेंगे ट्रैफिक प्रबंधन
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग, परिवहन विभाग, पथ निर्माण विभाग, पटना नगर निगम, पुलिस प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

