पटना: राजधानी पटना के बुद्ध मार्ग स्थित बिहार राज्य सहकारी संघ परिसर में नाबार्ड की ओर से आयोजित दो दिवसीय आम महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को किया गया। 25 और 26 जून तक चलने वाले इस महोत्सव में शहरवासी सीधे आम उत्पादक किसानों से पेड़ पर पके, रसायनमुक्त यानी कार्बाइड फ्री आम खरीद सकेंगे।
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर बिहार के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि नाबार्ड द्वारा पहली बार आयोजित यह पहल किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संबंध स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बिहार के आम की मिठास और गुणवत्ता देशभर में प्रसिद्ध है तथा आम राज्य की संस्कृति और परंपरा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है।
किसानों को बाजार से जोड़ने की तैयारी
रामकृपाल यादव ने बताया कि सहकारिता विभाग द्वारा राज्य के सभी प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों (PVCS) का गठन किया गया है। जल्द ही इन्हें मल्टी परपस पैक्स (M-PACS) में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे किसान फल, फूल, मसाले, मत्स्य पालन, डेयरी, मधुमक्खी पालन, बकरी पालन, मुर्गी पालन, बीज, उर्वरक, भंडारण, पैकेजिंग और ब्रांडिंग जैसे विविध कार्यों से जुड़ सकेंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों को उत्पादन से लेकर प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग, विपणन, मूल्य संवर्धन और निर्यात तक की पूरी प्रक्रिया में भागीदार बनाना है। नाबार्ड के प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन डेवलपमेंट फंड (PODF) के माध्यम से किसान उत्पादक संगठनों (FPO) को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है।
किसानों को मिलेगा सीधा बाजार
नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह ने कहा कि आम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को सीधे ग्राहकों तक पहुंच उपलब्ध कराना है। इससे किसानों को न केवल बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि ग्राहकों की पसंद और बाजार की मांग को समझने का अवसर भी मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में बिहार की विभिन्न किस्मों के आम उपलब्ध हैं और शुरुआती चरण में ही किसान लगभग 4 से 5 क्विंटल आम बेच चुके हैं। यहां मिलने वाले आम पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से पकाए गए हैं और बाजार में मिलने वाले कई आमों की तुलना में अधिक स्वादिष्ट हैं।
आधुनिक तकनीक की भी मिलेगी जानकारी

गौतम कुमार सिंह ने बताया कि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक बागवानी तकनीकों, मार्केटिंग स्किल्स और पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस कम करने के उपायों की जानकारी भी दी जाएगी। विशेषज्ञ किसानों के साथ संवाद कर उन्हें उत्पादन और विपणन से जुड़ी नई तकनीकों से अवगत कराएंगे।
कई संस्थाओं के प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में बिहार राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष विनय कुमार शाही ने कहा कि किसानों और सहकारिता क्षेत्र के विकास के लिए संघ हर संभव सहयोग देने को तैयार है। इस अवसर पर बिहार राज्य सहकारी बैंक के अध्यक्ष रमेश चंद्र चौबे, बिस्कोमान के चेयरमैन विशाल सिंह, बिहार राज्य ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक दीपक कुमार सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पटना के आम प्रेमियों के लिए यह महोत्सव न केवल स्वादिष्ट और प्राकृतिक आम खरीदने का अवसर है, बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का भी एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

