पाकिस्तान कश्मीर का मुद्दा उठाकर हमें बचा रहा: फारुख अब्दुल्ला

0
5

जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला ने शनिवार को एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सरकार हमारी मदद नहीं कर सकती। हमारे पड़ोसी को देखिए वह हर जगह कश्मीर का मुद्दा उठा रहा है। वह हमें बचा रहा है, वरना हमारी सरकार की नीयत ठीक नहीं है।

बारामूला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा- केंद्र सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन दिल्ली से आप क्या उम्मीद कर सकते हैं। उनका सामना कीजिए। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे, तो हमारी पहचान मिट जाएगी।

फारुख अब्दुल्ला ने निम्नलिखित 4 बड़ी बातें कही :

सम्मान पाने के लिए पैरों पर खड़ा होना होगा: जब तक आप अपने पैरों पर खड़े नहीं होते, तब तक आपको कभी सम्मान नहीं मिलेगा, मेरी यह बात याद रखना। अगर आप अपने पैरों पर खड़े होना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपने रब को याद करें और उनके दिखाए रास्ते पर चलें।

एकजुट होंगे तभी बच पाएंगे: बहुत से लोग आए और चले गए। हमने राजनीति में ऐसे बड़े-बड़े दिग्गजों को देखा है जिन्होंने हम पर जुल्म किए। याद रखें, जब तक आप एकजुट नहीं होंगे, तब तक आप कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे।

हमारे बच्चे इतिहास को नहीं जानते: आज हमारे बच्चे मोबाइल लेकर घूम रहे हैं लेकिन मां-बाप को पता नहीं कि वह क्या कर रहे हैं। जम्मू में सिर्फ नेशनल-कॉन्फ्रेंस, कांग्रेस और बीजेपी जबकि कश्मीर में कितनी पार्टियां खड़ी की गईं? हर घर में पार्टी खड़ी की गई। बस पैसा आता है और वह अपना ईमान बेचने के लिए तैयार हैं।

बीजेपी शासित राज्यों में बुलडोजर चल रहा: भारत के बाकी हिस्सों में जहां भाजपा की सरकार है, क्या आप देख रहे हैं कि कैसे लोगों की बस्तियां उजाड़ी जा रही हैं, उनके घरों पर बुलडोजर चलाए जा रहे हैं और उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं? क्या आपसे कुछ छिपा है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने कहा कि फारूक अब्दुल्ला के भीतर का पाकिस्तान समय-समय पर जाग जाता है। जब उनके अंदर का पाकिस्तान सामने आता है, तो वे इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं। ऐसे बेतुके बयान देने से पहले फारूक अब्दुल्ला को सोचना चाहिए।

विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता विनोद बंसल ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। ये भारत में रहते हैं और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। क्या पाकिस्तान की वजह से कश्मीर सुरक्षित है या भारत की ताकत के दम पर‌‌। पाकिस्तान के दिखाने से कश्मीर सुरक्षित है? अगर उनका यह बयान है, तो इससे बड़ा देशद्रोह कोई नहीं है।

पिछले 5 साल में फारूक अब्दुल्ला ने कइ बार इस तरह के बयान दिए हैं।

अक्टूबर 2021 में फारूक अब्दुल्ला ने कहा था कि जब तक पाकिस्तान को बातचीत में शामिल नहीं किया जाएगा,तबतक जम्मू-कश्मीर में शांति नहीं आ सकती। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने के केंद्र सरकार के फैसले की भी आलोचना की थी।
जुलाई 2022 में उन्होंने कहा था कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद तब तक खत्म नहीं होगा, जब तक सरकार लोगों का विश्वास जीतने और पड़ोसी देश पाकिस्तान से बातचीत करने की कोशिश नहीं करेगी।

अगस्त 2023 में फारुख अब्दुल्ला ने कहा था कि कश्मीर मुद्दे पर दोनों देशों के बीच ईमानदार बातचीत के बिना समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने सीमा पर्यटन और रैलियों को इस मुद्दे का स्थायी समाधान मानने पर सवाल उठाए थे।

मई 2024 में फारुख अब्दुल्ला ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के PoK को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहन रखीं, उसके पास परमाणु बम भी हैं और दुर्भाग्य से उनका असर भारत पर भी पड़ सकता है।
मई 2025 में फारुख
अब्दुल्ला ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने के भारत के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि भारत पानी रोकने की चेतावनी दे सकता है, लेकिन पाकिस्तान के लोगों को मारना नहीं चाहता।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here