Opposition protest: एसआईआर और कथित वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की ओर से प्रस्तावित ‘जन-महाभियोग’ कार्यक्रम को राजधानी में लगातार हो रही बारिश के चलते एक दिन के लिए टाल दिया गया है। अब शनिवार दोपहर 3 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी दलों की जन संसद आयोजित होगी।
शुक्रवार को INDIA गठबंधन के कई सांसद और नेता इस आयोजन के लिए खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर पहुंचे थे। हालांकि, बारिश के कारण खुले में कार्यक्रम करना संभव नहीं हो सका। इसके बाद राहुल गांधी ने बताया कि सभी विपक्षी नेताओं ने आपसी सहमति से कार्यक्रम शनिवार को करने का फैसला लिया है।
राहुल गांधी के मुताबिक, जन संसद और रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली का मकसद केवल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आवाज उठाना नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और उनकी टीम पर भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराना है।
उन्होंने दावा किया कि रैली में शामिल होने के इच्छुक लोगों को कई राज्यों में रोका जा रहा है। राहुल के अनुसार, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और तेलंगाना से आने वाले लोगों के लिए ट्रेनों और बसों को लेकर बाधाएं खड़ी की जा रही हैं।
वहीं, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जनता के वोटों के बजाय प्रबंधन के दम पर जीत रही है। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव का हवाला देते हुए अपनी बात रखी।
ऐसे पहुंचेगा विपक्षी नेताओं का काफिला
तय कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव और ममता बनर्जी समेत विपक्ष के वरिष्ठ नेता खरगे के आवास से बसों के जरिए मिंटो रोड पहुंचेंगे। दूसरी ओर, कुछ विपक्षी सांसद कांस्टीट्यूशन क्लब से वहां आएंगे। इसके बाद सभी नेता मार्च करते हुए रामलीला मैदान की ओर रवाना होंगे।

