पटना: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी सोमनाथ यात्रा 2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व–1000 वर्ष की अद्भुत आस्था’ के तहत आयोजित होने वाली इस विशेष यात्रा को लेकर शुक्रवार को कला एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय पर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव प्रणव कुमार ने लिया तैयारियों का जायजा
कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पहुंचकर यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया। उनके साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक रूबी, संग्रहालय निदेशक कृष्ण कुमार और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
इन व्यवस्थाओं पर रहा विशेष फोकस
निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के स्वागत से लेकर यात्रा की पूरी व्यवस्था का बारीकी से आकलन किया गया। अधिकारियों ने पंजीकरण केंद्र, प्रतीक्षा और बैठने की व्यवस्था, प्लेटफॉर्म प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता, सूचना सहायता केंद्र और सामान प्रबंधन सहित सभी सुविधाओं का निरीक्षण किया।

संबंधित एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा पर सरकार का जोर
सचिव प्रणव कुमार ने कहा कि सोमनाथ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि बिहार सरकार की एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहल है। विभाग की प्राथमिकता है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक यात्रा का अनुभव मिले।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कार्यान्वयन एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा प्रत्येक व्यवस्था को उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
रेलवे प्रशासन के साथ हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण के दौरान रेलवे प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष ट्रेन के संचालन, यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई, ताकि यात्रा का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित ढंग से हो सके।
20 जुलाई को रवाना होंगे 1100 श्रद्धालु
गौरतलब है कि 20 जुलाई 2026 को करीब 1100 श्रद्धालु पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन के माध्यम से सोमनाथ धाम के लिए रवाना होंगे। यात्रा के दौरान रेल सफर, भोजन, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा, यात्रा किट और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं बिहार सरकार की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

