Bihar News: बिहार में 6,000 करोड़ रुपये के निवेश को मिली मंजूरी, 29 नई औद्योगिक परियोजनाओं से 3,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

0
8

पटना: बिहार में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में 29 नई औद्योगिक परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई। इन परियोजनाओं के लिए करीब 37.95 एकड़ औद्योगिक भूमि आवंटित की गई है। सरकार का अनुमान है कि इन परियोजनाओं के जरिए राज्य में लगभग 6,000 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और करीब 3,000 लोगों के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके साथ ही उद्योगों की स्थापना में तेजी लाने के लिए प्लग एंड प्ले शेड्स के आवंटन को भी मंजूरी दी गई है।

बिहार में निवेशकों का बढ़ा भरोसा

उद्योग विभाग का मानना है कि लगातार बढ़ते निवेश प्रस्ताव इस बात का संकेत हैं कि बिहार अब उद्योगों के लिए तेजी से आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। नई परियोजनाओं से राज्य के विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने क्या कहा?

बिहार की उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रहा औद्योगिक निवेश सरकार की उद्योग-अनुकूल नीतियों और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि स्वीकृत परियोजनाएं बिहार को आधुनिक औद्योगिक और विनिर्माण हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनसे स्थानीय युवाओं को रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास के नए अवसर भी मिलेंगे।

सरकार का फोकस आसान प्रक्रियाओं और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर पर

उद्योग विभाग के सचिव-सह-प्रबंध निदेशक, BIADA एवं AIDA कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य सरकार संतुलित और सतत औद्योगिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि BIADA के माध्यम से निवेशकों को पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के तहत औद्योगिक भूमि उपलब्ध कराई जा रही है। बेहतर आधारभूत संरचना, मजबूत कनेक्टिविटी, सरल प्रक्रियाओं और निवेशक-अनुकूल नीतियों के जरिए उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है।

इन क्षेत्रों में लगेंगे नए उद्योग

समिति द्वारा जिन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है, वे कई उभरते और उच्च संभावनाओं वाले क्षेत्रों से जुड़ी हैं। इनमें प्रमुख रूप से—

एडवांस्ड मेडिकल टेक्नोलॉजी
फूड प्रोसेसिंग
टेक्सटाइल उद्योग
केमिकल मैन्युफैक्चरिंग
प्लास्टिक उत्पाद निर्माण
ऑप्टिकल एमिशन स्पेक्ट्रोमीटर निर्माण
इलेक्ट्रिक वाहन (EV)
फर्नीचर एवं फिक्स्चर निर्माण
लिथियम-आयन बैटरी
कंप्रेस्ड बायो गैस (CBG)
जनरल मैन्युफैक्चरिंग

जैसे क्षेत्रों में निवेश किया जाएगा।

इन औद्योगिक क्षेत्रों में स्थापित होंगी इकाइयां

नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में की जाएगी। इनमें प्रमुख रूप से सिकंदरपुर, हथुआ फेज-3, फारबिसगंज, लोहट फेज-1, बरियारपुर और फतुहा औद्योगिक क्षेत्र शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से इन क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

कई बड़ी कंपनियों को मिली मंजूरी

PCC बैठक में कई प्रमुख कंपनियों की परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इनमें Ampera Life India Pvt. Ltd. का प्रस्ताव सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव माना जा रहा है। इसके अलावा Shri Shirdi Sainath Power Infratech Pvt. Ltd., Rungta Irrigation Ltd., Pankaj Traders, Anvira Green Energy Pvt. Ltd., Sangam Industries, Kalayan Plasto Industries और Lisica Chemicals Pvt. Ltd. सहित कई कंपनियों की परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here