न्यूज़ डेस्क
गुजरात के द्वारका स्थित प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर में भी अब ड्रेस कोड लागू हो गया है। अब कोई भी भक्त उल्टा सीधा कपड़े पहनकर मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। मंदिर में प्रवेश के लिए नया पोषक नियम लागू किया गया है। जो भक्त इस नियम के मुताबिक नहीं आएंगे उन्हें मंदिर के भीतर नहीं जाने दिया जायेगा। इस ड्रेस कोड के जरिए कुछ खास तरह के कपड़ों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर पाबंदी लगाई गई है।
आज शुक्रवार को द्वारकाधीश मंदिर ट्रस्ट की ओर से ड्रेस कोड लागू करने की जानकारी दी गई। ट्रस्ट ने मंदिर के बाहर इसके लिए बकायदा पोस्टर भी चिपकाया है। जिसमें लिखा गया है कि मंदिर ट्रस्ट के निर्णय के अनुसार अब से कोई भी श्रद्धालु छोटे कपड़े पहनकर मंदिर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। मंदिर ट्रस्ट से मिली जानकारी के अनुसार जगत मंदिर द्वारका की गरिमा बनाए रखने के लिए भारतीय संस्कृति के अनुरूप ही भक्तों को कपड़े पहनने होंगे।
मंदिर के बाहर चारों तरफ ड्रेस कोड को लेकर गुजराती-हिंदी-अंग्रेजी भाषा में लिखे बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। मंदिर के बाहर लगे बोर्ड पर लिखा है कि मंदिर दर्शन की जगह है, खुद की प्रदर्शनी की नहीं। मंदिर में आने वाले सभी भक्तों से निवेदन है कि वे सादे कपड़े पहनकर ही मंदिर में प्रवेश करें। छोटे कपड़े, हाफ पैंट, बरमूडा, मिनी टॉप, मिनी स्कर्ट, नाइट सूट, फ्रॉक और रिप्ड जींस जैसे कपड़े पहने हुए लोगों को मंदिर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड के बारे में द्वारकाधीश मंदिर के ट्रस्टी पार्थ तलसानिया ने बताया कि कि यह फैसला मंदिर आने वाले कई श्रद्धालुओं की शिकायत के बाद ही लिया गया है। इस बार में कई लोगों का कहना था कि ऐसे कपड़े पहनने से दूसरे भक्तों का ध्यान भटकता है। इसी के चलते देश के की मंदिरों में अब ड्रेस कोड लागू किया जा रहा है। मालूम हो कि हाल ही में उत्तराखंड के तीन मंदिरों में भी ड्रेस कोड लागू किया गया था। इससे पहले मथुरा के राधा रानी मंदिर में भी ड्रेस कोड लागू किया गया है।
