अखिलेश अखिल
मोदी सरकार के तीसरे टर्म के पहले बजट में भले देश को जो भी मिला हो लेकिन बिहार और आँध्रप्रदेश को बहुत कुछ मिल गया है। दोनों प्रदेश के मुख्यमंत्री काफी खुश हैं और पीएम मोदी को धन्यवाद भी दिया है। याद रहे टीडीपी और जदयू के सहारे ही मौजूदा मोदी की सरकार चल रही है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बजट पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से विशेष मदद मिलनी शुरू हो गई है। अब राज्य का और तेजी से विकास होगा।उन्होंने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि विशेष राज्य के दर्जा को लेकर हम लोग पहले से ही आंदोलन कर रहे हैं। पहले ही हम लोग कह दिए थे कि अगर विशेष राज्य का दर्जा नहीं मिल सकता है तो विशेष मदद की जाए। बिहार में सब कुछ किया जा रहा है। आज केंद्रीय बजट में कई चीजों में मदद की घोषणा की गई है।
उन्होंने कहा कि हम लोग काम कर रहे हैं, उसमें केंद्र से और अतिरिक्त मदद मिलेगी तो विकास को और गति मिलेगी। हम लोग विशेष राज्य के दर्जे की मांग कर रहे थे, लेकिन कहा गया कि इसे समाप्त कर दिया गया है। इसके बाद हम लोगों ने कहा कि बिहार को मदद मिलनी चाहिए। अब उसकी शुरुआत हो गई है।
दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “बजट में बिहार को बाढ़ से बचाव के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया है। कोशी-मेची नदी जोड़ परियोजना, नदी प्रदूषण न्यूनीकरण और सिंचाई परियोजनाओं के लिए विशेष आर्थिक मदद देने की घोषणा की गई है, जो स्वागत योग्य है।”
उन्होंने आगे लिखा, “बजट में बिहार के लिए विशेष प्रावधान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को विशेष धन्यवाद। बजट में बिहार के लिए की गई इन घोषणाओं से बिहार के विकास में सहयोग मिलेगा। आशा है कि आगे भी अन्य आवश्यकताओं के लिए केंद्र सरकार इसी तरह बिहार के विकास में सहयोग करेगी।”
उधर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने केंद्रीय बजट 2024-25 में की गई घोषणाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। सीएम का कहना है कि इससे आंध्र प्रदेश के पुनर्निर्माण में काफी मदद मिलेगी।
तेलुगू देशम पार्टी के अध्यक्ष ने आंध्र प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को धन्यवाद दिया।
एन चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा, “आंध्र प्रदेश के लोगों की ओर से मैं पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हमारे राज्य की जरूरतों को पहचानने और वित्त वर्ष 2024-25 के केंद्रीय बजट में राजधानी, पोलावरम, औद्योगिक नोड्स और आंध्र प्रदेश में पिछड़े क्षेत्रों के विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।”
सीएम ने आगे कहा, “केंद्र से यह सहायता आंध्र प्रदेश के पुनर्निर्माण में बहुत मददगार साबित होगी। मैं इस प्रगतिशील और आत्मविश्वास बढ़ाने वाले बजट की प्रस्तुति के लिए आपको बधाई देता हूं।”
आंध्र प्रदेश के मानव संसाधन विकास मंत्री और टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने भी केंद्रीय बजट में की गई घोषणाओं की सराहना की। उन्होंने इस बजट को आंध्र प्रदेश के लिए नया सूर्योदय बताया।
चंद्रबाबू नायडू के बेटे लोकेश ने कहा, “मैं आज केंद्रीय वित्त मंत्री की ओर से बजट में की गई घोषणाओं से बेहद खुश हूं। ये घोषणाएं आंध्र प्रदेश को उसके विकास और सामाजिक उद्देश्यों को प्राप्त करने में बहुत मदद करेंगी। राज्य के लोगों के लिए यह बहुत गर्व की बात है कि हमारे संघर्ष को मान्यता दी गई है।”