बीरेंद्र कुमार झा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी नई टीम का खाका तैयार कर लिया है। पार्टी उदयपुर नवसंकल्प और रायपुर महाधिवेशन में किए गए फैसले को लागू करते हुए कई युवा नेताओं को अहम जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी कर रही है। इस संगठन को नयापन देने के लिए कई प्रदेशों के अध्यक्ष बदले भी जाएंगे।
संगठन बदलाव की प्रक्रिया लगभग पूरी
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक संगठन में बदलाव को लेकर चर्चा और मुलाकातों का दौर लगभग पूरा हो गया है। सभी को साथ लेकर चलने और सभी वर्गों का क्षेत्रों को प्रतिनिधि देते हुए नई टीम का खाका तैयार कर लिया गया है। पटना में विपक्षी दलों की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अपनी नई टीम की घोषणा कर देंगे। नई टीम चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और वर्ष 2024 की लोकसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चुनौती वाले राज्यों की जिम्मेवारी पार्टी के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं को सौंपी जा सकती है। मसलन गुजरात प्रभारी के लिए पार्टी को ऐसे नेता की तलाश है जो पहले यह जिम्मेदारी संभाल चुका हो। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि गुजरात की तरह ही आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में भी अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी।
माना जा रहा है कि किसी नए प्रभारी को प्रदेश की चुनौतियों को समझने के लिए वक्त की जरूरत पड़ती है, लेकिन वर्ष 2024 के चुनाव में ज्यादा वक्त नहीं है,ऐसे में पार्टी अनुभवी नेता को यह जिम्मेदारी सौंपीगी,जबकि कई छोटे राज्यों में 50 वर्ष से कम उम्र के नेता को प्रभारी बनाने की तैयारी चल रही है।
पार्टी संगठन में हर जगह 50% युवा नेताओं का चयन संभव नहीं
कांग्रेस के पार्टी रणनीतिकार यह मानते हैं कि कांग्रेस में संगठन के हर स्तर पर 50 वर्ष से कम उम्र के युवा नेताओं को 50 फ़ीसदी हिस्सेदारी देना मुश्किल है। इसके बावजूद पार्टी की कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं महिलाओं और समाज के अलग-अलग तबकों को हिस्सेदारी दी जाए। महिला पदाधिकारियों की संख्या में भी वृद्धि की जाएगी।
संगठन में पद की आश में कई नेताओं ने दिल्ली में दल रखा है डेरा
संगठन में फेरबदल की चर्चाओं के बीच कई प्रदेश कांग्रेस नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं। पार्टी तमिलनाडु,पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र सहित आधा दर्जन प्रदेशों के अध्यक्ष भी बदलने की तैयारी कर रही है।पार्टी के एक नेता ने कहा नए प्रदेश अध्यक्षों के नाम लगभग तय कर लिए गए हैं और जल्दी ही इसका ऐलान कर दिया जाएगा।

