विकास कुमार
लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन को ममता बनर्जी ने बड़ा झटका दिया है। ममता बनर्जी ने साफ कर दिया है कि वह पश्चिम बंगाल में सीट शेयरिंग नहीं करने वाली हैं। ममता दीदी ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव में उतरेंगी।
वहीं शरद पवार के गुट वाली एनसीपी ने कहा कि ममता बनर्जी की घोषणा किसी ‘रणनीति’ का हिस्सा हो सकती है।पार्टी ने इस बात पर जोर दिया कि ‘इंडिया’ गठबंधन बीजेपी के खिलाफ एकजुट है। शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी के प्रवक्ता क्लाइड क्रेस्टो ने कहा कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी ‘इंडिया’ गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं,वे हमारे साथ हैं और हम बीजेपी के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ेंगे। अगर ममता जी ने कोई बयान दिया है तो यह किसी रणनीति का हिस्सा हो सकता है। ‘इंडिया’ गठबंधन में कोई समस्या नहीं है।
वहीं शिवसेना-यूबीटी के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी शेरनी की तरह लड़ रही हैं और उनकी लड़ाई राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। हालांकि आदित्य ये भी कहा कि उन्हें ममता के फैसले के बारे में जानकारी नहीं है।
ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने राज्य में सीटों के बंटवारे पर कांग्रेस में किसी से बात नहीं की है। बताया जा रहा है कि ममता दीदी ने कांग्रेस को केवल दो सीट देने की पेशकश की थी। इसके बाद टीएमसी, कांग्रेस और सीपीएम में खींचतान बढ़ गई इसलिए ममता बनर्जी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया। एक तरह से यह इंडिया गठबंधन के बिखरने का संकेत है।

