Bihar News:बिहार की पंचायत व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। रोहतास जिले की तेलकप ग्राम पंचायत ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया है। पंचायत की माननीय मुखिया अनीता टोप्पो को “नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार” श्रेणी में देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि पर बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए पंचायत मॉडल की जमकर सराहना की।
मंत्री दीपक प्रकाश ने की बड़ी बात
पटना में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि ग्राम पंचायतों की आत्मनिर्भरता ही ग्रामीण विकास को नई मजबूती दे सकती है। उन्होंने कहा कि तेलकप ग्राम पंचायत ने विकास और जनहित के क्षेत्र में जो उदाहरण पेश किया है, वह पूरे बिहार की पंचायतों के लिए प्रेरणा है।
उन्होंने पंचायतों को अपनी आय के स्रोत विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे गांवों की जरूरतों के अनुसार तेजी से विकास कार्य किए जा सकेंगे। मंत्री ने यह भी घोषणा की कि वे जल्द ही तेलकप ग्राम पंचायत का दौरा करेंगे।
स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के दौरान पंचायत में चल रहे विकास कार्यों और स्थानीय चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। मंत्री ने माना कि पंचायत के कुछ वार्डों में स्वच्छ पेयजल अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पंचायत सचिव और टीम की भी हुई तारीफ
पंचायती राज विभाग, बिहार के निदेशक ने भी मुखिया अनीता टोप्पो को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने पंचायत सचिव और पंचायत कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की वजह से ही पंचायत को राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान मिला है।
“सामूहिक प्रयास का परिणाम है सम्मान”
मुखिया अनीता टोप्पो ने कहा कि यह उपलब्धि पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है। उन्होंने बताया कि पुरस्कार राशि का उपयोग पंचायत में सभी वर्गों के हित में विकास कार्यों पर किया जाएगा।
उन्होंने जिला पंचायत संसाधन केंद्र द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की भी सराहना की और कहा कि इन प्रशिक्षणों ने पंचायत संचालन और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में काफी मदद की।

