दिल्ली के द्वारका जिला के जाफरपुर कलां थाना क्षेत्र में फायरिंग और बिहार के एक युवक की हत्या के संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा दिल्ली पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी ली गई।
इस क्रम में डिप्टी पुलिस कमिश्नर, द्वारका जिला, दिल्ली द्वारा बताया गया कि दिनांक 26-04-2026 को लगभग 02:15 पूर्वाह्न में जाफरपुर कलां थाना को RTR अस्पताल से दो लोगों के घायल होने की सूचना मिली, जिन्हें गोली लगी थी और उनमें से एक को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक पांडव कुमार (21 वर्ष), प्रजापति कॉलोनी, बिंदापुर के रहने वाले थे, जो जोमैटो डिलीवरी बॉय का काम करते थे। घायल कृष्ण मृतक का दोस्त है और उसके साथ रहता था।
रूपेश कुमार, निवासी जे.पी. कलां, जो मूल रूप से खगड़िया, बिहार का रहने वाला है, के बेटे की बर्थडे पार्टी थी। बताया जाता है कि केक काटने के बाद लगभग 20 लोगों की भीड़ धीरे-धीरे छंटने लगी।
रूपेश के घर से लगभग 70-80 मीटर दूरी पर मुख्य सड़क (कैप्टन पृथ्वी सिंह डागर मार्ग) पर रूपेश के साथ मोटरसाइकिल पर मृतक पांडव, कृष्ण, दीपक तथा एक स्कूटी पर 3 अन्य लोग (कुल 7 लोग) खड़े होकर बातचीत कर रहे थे।
सड़क के दूसरी तरफ R.K. प्रॉपर्टीज के ऑफिस के ऊपर पहली मंजिल पर नीरज नाम का एक व्यक्ति पिछले 15 वर्षों से रह रहा था। जब ये लोग सड़क पर बातचीत कर रहे थे, तब नीरज नीचे आया और इनसे बहस करने लगा।
CCTV में नीरज को हथियार लहराते और बहस करते हुए देखा गया। अचानक उसने पांडव की छाती की ओर निशाना साधकर गोली चला दी। एक गोली पांडव कुमार की छाती को चीरती हुई निकल गई और मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे कृष्ण के दाहिने पेट में जा लगी।
घायलों को रूपेश और अन्य लोगों द्वारा RTR अस्पताल ले जाया गया। आरोपी की पहचान नीरज के रूप में हुई है। वह गांव बहु अकबरपुर, मेहम, रोहतक, हरियाणा का निवासी है और पिछले 15 वर्षों से बताए गए पते पर अकेला रह रहा था।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मौके से 9mm का एक खाली कारतूस बरामद किया गया है।
इस संबंध में जाफरपुर कलां थाना कांड संख्या 36/2026, धारा 103(i)/109(i) BNS एवं 35/27 आर्म्स एक्ट के तहत 26.04.2026 को मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
बिहार पुलिस इस मामले को लेकर दिल्ली पुलिस के संपर्क में है।

