Bihar News: बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, क्षेत्रीय विधायक और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने सोमवार को बिहारशरीफ के खरजम्मा गांव पहुंचकर आपदा में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मृतक सूरज कुमार की माता टुन्नी देवी को राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा और परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बिहारशरीफ नगर निगम के वार्ड संख्या-47 स्थित खरजम्मा गांव में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कठिन समय में हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी जरूरतमंद को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
‘सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है’
मंत्री ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि किसी प्रियजन की कमी को कभी पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि परिवार को किसी प्रकार की आर्थिक या प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
नीतीश कुमार के विकास मॉडल का किया जिक्र
अपने संबोधन में श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा यह कहते रहे हैं कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है। उन्होंने कहा कि बिहार में बिना किसी भेदभाव के जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई और ‘न्याय के साथ विकास’ की सोच के साथ राज्य को नई पहचान मिली। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार भी उसी विकास मॉडल को आगे बढ़ाते हुए समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार की राहत पहल की सराहना की।

