Bihar News: बिहार के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल PMCH (पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान बनाने की दिशा में सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने गुरुवार को पीएमसीएच में वरिष्ठ चिकित्सकों, विभागाध्यक्षों और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिर्फ भव्य भवन बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा और सुचारु सेवाएं उपलब्ध कराना भी उतना ही जरूरी है।

5462 बेड वाले नए PMCH को लेकर बड़ी तैयारी
समीक्षा बैठक के दौरान स्वास्थ्य सचिव ने पीएमसीएच के नए भवन में विभागों की शिफ्टिंग, रेडियोलॉजी विभाग के स्थानांतरण और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि 5462 बेड क्षमता वाला नया पीएमसीएच देश के सबसे बड़े अस्पताल परिसरों में शामिल होगा। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरे परिसर में आधुनिक और स्पष्ट साइनेज सिस्टम (संकेतक बोर्ड) लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
मरीजों को भटकना नहीं पड़े, हर जगह लगेंगे दिशा-निर्देश बोर्ड

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि अस्पताल का नया परिसर काफी विशाल है। इसलिए मरीजों और उनके परिजनों को विभागों तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसके लिए अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया गया कि सभी विभागों, वार्डों और सेवाओं के लिए मानक के अनुरूप दिशा-निर्देश बोर्ड लगाए जाएं ताकि लोगों को आसानी से जानकारी मिल सके।
साफ-सफाई, सुरक्षा और भोजन व्यवस्था पर विशेष जोर

कुमार रवि ने कहा कि अस्पताल का सफल संचालन केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है। इसके लिए साफ-सफाई, रखरखाव, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा, लिफ्ट संचालन, एयर कंडीशनिंग और अन्य सहायक सेवाओं का प्रभावी प्रबंधन भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि इन सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाया जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
PMCH में बढ़ेंगे डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी
बैठक में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा हुई। स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि मेडिकल ऑफिसरों और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए विभाग आवश्यक कदम उठा रहा है। पीएमसीएच को प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त मानव संसाधन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने चिकित्सकों से समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने की भी अपील की।
PICU और NICU वार्ड का किया निरीक्षण

समीक्षा बैठक से पहले स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों के लिए स्वच्छ पेयजल व्यवस्था की जांच की,वाटर फिल्टर प्लांट को बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए,PICU (बाल गहन चिकित्सा इकाई) और NICU (नवजात गहन चिकित्सा इकाई) का निरीक्षण किया वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निर्माण एजेंसियों को भी मिली चेतावनी

स्वास्थ्य सचिव ने एल एंड टी और बीएमएसआईसीएल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नए भवन और अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि PMCH बिहार की सबसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थाओं में से एक है और यहां आने वाले लाखों मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आम लोगों के अस्पताल की पहचान और मजबूत होगी
कुमार रवि ने कहा कि पीएमसीएच की पहचान आम जनता के अस्पताल के रूप में है, जहां जटिल से जटिल बीमारियों का इलाज किया जाता है।

