अखिलेश अखिल
विपक्षी एकता के लिए आज का दिन काफी यादगर रहा। आज पहले कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और नीतीश कुमार की मुल्क्त हुई। ये मुलाक़ात खड़गे के आवास पर ही हुई। इस बैठक में राहुल गाँधी भी शरीक हुए। लम्बे समय तक बैठक चली। हर राज्यों की हालत को आंका गया। हर क्षत्रपों की राजनीति को नापा गया और फिर आम सहमति बन गई। बैठक की समाप्ति के बाद कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल मीडिया के सामने आये। वेणुगोपाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विपक्षी दलों के बीच एक तरह की सहमति बन गई है और जल्द ही इन सभी दलों की एक रैली या बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसकी तारीख और समय का ऐलान एक-दो दिन में कर दिया जाएगा, साथ ही यह भी ऐलान होगा कि इसमें कौन-कौन से नेता हिस्सा लेने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इसमें बड़ी संख्या में विपक्षी दल शामिल होंगे
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और नीतीश कुमार की बैठक के दौरान पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहे। कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस मुलाकात का छोटा सा वीडियो भी शेयर किया। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि अब एकजुट होगा देश, लोकतंत्र की मजबूती ही हमारा संदेश
नीतीश कुमार दरअसल बीते करीब 2 महीने से विभिन्न विपक्षी नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। पिछले महीने ही उन्होंने सबसे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस की तरफ से विपक्षी एकता का संकेत मिलने के बाद ही नीतीश ने विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकातों का दौर शुरु किया था।
हालांकि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के साथ हुई मुलाकात को किसी और कारण से भी अहम बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि दिल्ली सरकार और केंद्र के बीच प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण के मुद्दे पर रस्साकशी के मामले में नीतीश कुमार ने केजरीवाल को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया है।

