मुंबई: महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर दिये गये बयान पर लगातार बवाल मचा हुआ है। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के गुट के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने आज मांग की कि महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को छत्रपति शिवाजी महाराज के बारे में उनकी हालिया टिप्पणी के लिए राज्य से बाहर भेज दिया जाए। बुलढाणा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले गायकवाड़ ने दावा किया कि कोश्यारी ने मराठा साम्राज्य के संस्थापक के बारे में बयान देकर अतीत में भी विवाद खड़ा किया था।
जिसे राज्य का इतिहास पता न हो उसे राज्यपाल बनाने से कोई फायदा नहीं: गायकवाड़
गायकवाड़ ने कहा कि कोश्यारी मराठा साम्राज्य के संस्थापक को लेकर अतीत में भी विवादित बयान दे चुके हैं। शिवसेना नेता ने कहा कि राज्यपाल को समझना चाहिए कि छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्श कभी पुराने नहीं पड़ते और उनकी तुलना दुनिया के किसी भी महान व्यक्ति से नहीं की जा सकती। उन्होंने केंद्र सरकार से अनुरोध किया कि एक ऐसा व्यक्ति जिसे राज्य का इतिहास पता न हो उसे राज्यपाल बनाने से कोई फायदा नहीं, ऐसे व्यक्ति को कहीं और भेजा जाए। कोश्यारी के इस बयान की एनसीपी और उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना ने भी कड़ी आलोचना की है।
कोश्यारी ने की थी नितिन गड़करी की तुलना शिवाजी महाराज से
दरअसल राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने नितिन गडकरी की ‘तुलना’ छत्रपति शिवाजी से करते हुए कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज पुराने जमाने के आदर्श हैं। अब नितिन गडकरी आदर्श हैं। राज्यपाल कोश्यारी ने औरंगाबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी और एनसीपी नेता शरद पवार को डी. लिट की डिग्री प्रदान करने के बाद यह टिप्पणी की थी।

