बीरेंद्र कुमार झा
बेंगलुरु में हुई विपक्षी एकता की दूसरी बैठक की कई गुप्त बातें अब धीरे-धीरे निकल कर सामने आ रही है। पहले नीतीश कुमार की नाराजगी की खबर सामने आई,जिसका बाद में उन्होंने खंडन किया। वहीं अब यह बात भी सामने आई है कि लालू प्रसाद यादव ने पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव के बाद हुई हिंसा को लेकर कांग्रेस के साथ जारी गतिरोध पर इस बैठक में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस का समर्थन किया और कांग्रेस की बंगाल ईकाई पर सवाल उठाए।
ममता के पक्ष में कांग्रेस और वाम दल पर लालू प्रसाद ने निकाली भड़ास
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार लालू यादव ने इस बैठक में पूछा कि कांग्रेस पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने टीएमसी के खिलाफ क्यों बात की ?किसी का नाम लिए बगैर लालू यादव ने कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी के सामने यह मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयासों के बावजूद सबसे पुरानी पार्टी की बंगाल इकाई टीएमसी के साथ क्यों टकराव कर रही है?
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस मीटिंग में लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस ही नहीं सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी की तरफ मुखातिब होकर कहा कि वामदलों के कुछ नेता भी टीएमसी के साथ झगड़ रहे हैं, जिससे विपक्षी एकता को नुकसान हो रहा है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने पंचायत चुनाव में हिंसा को लेकर ममता बनर्जी को तानाशाह और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता को गुंडा करार दिया था। इसी प्रकार से वामदलों ने भी पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव में हुई हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उसकी पार्टी टीएमसी को घेरा था।
सीताराम येचुरी ने टीएमसी के साथ गठबंधन से किया इनकार
सीपीआई (एम) के सीताराम येचुरी ने भी पश्चिम बंगाल में टीएमसी के साथ किसी भी गठबंधन से इनकार किया और कहा कि वह और कांग्रेस के साथ धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ राज्य में बीजेपी के साथ-साथ टीएमसी से भी मुकाबला करेंगे। बेंगलुरु बैठक से कुछ दिन पहले सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा था की ममता और सीपीआईएम के बीच कोई बात नहीं होगी।
बीजेपी के साथ कांग्रेस और सीपीएम पर भी ममता बनर्जी ने निकाली भड़ास
ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में चुनावी हिंसा के लिए विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराया।उन्होंने कहा की राम-शामऔर बाम यानी बीजेपी कांग्रेस और सीपीएम लोगों के जान के नुकसान के लिए जिम्मेदार हैं ।उन्होंने कांग्रेस और सीपीएम पर विरोधाभासी व्यवहार काआरोप लगाया उन्होंने कहा कि आप मुझे गाली देंगे और मैं वहां आपकी पूजा करूंगी इसकी उम्मीद नहीं की जा सकती है।मैं केवल तभी प्रतिक्रिया दूंगी, जब मैं कुछ वास्तविक सहयोग देखूंगी।

