बीरेंद्र कुमार झा
उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला को व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। 74 वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई थी। वही बुधवार 22 मार्च को कुमार मंगलम बिरला को यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक औपचारिक समारोह में प्रदान किया गया।
बिड़ला परिवार में पद्म पुरस्कार पाने वाले चौथे व्यक्ति
कुमार मंगलम बिड़ला को मिले इस पद्म पुरस्कार के साथ ही वे बिड़ला परिवार में पद्म पुरस्कार पाने वाले चौथे व्यक्ति बन गए हैं। इससे पहले उनकी मां राजश्री बिड़ला को पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।इसके अलावा इस परिवार में इनके दादा बसंत कुमार बिड़ला को पद्म भूषण और परदादा घनश्याम दास बिड़ला को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
बिड़ला ग्रुप के सभी प्रमुख कंपनियों के बोर्ड के चेयरमैन है कुमार मंगलम बिड़ला
गौरतलब है कि कुमार मंगलम बिड़ला आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन है इसके अलावा वे हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ग्रासिम इंडस्ट्री, अल्ट्राटेक सीमेंट,आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल और आदित्य बिड़ला कैपिटल इस ग्रुप की सभी प्रमुख कंपनियों के बोर्ड के चेयरमैन हैं।

