न्यूज़ डेस्क
मोदी सरनेम मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बड़ी राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी। इस फैसले के बाद कांग्रेस ने ट्वीट करके कहा कि यह नफरत के खिलाफ मोहब्बत की जीत है। सत्यमेव जयते – जय हिंद।प्रेस से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमेशा सच्चाई की जीत होती है। मुझे क्या करना है यह बात मेरे दिमाग में बहुत साफ है। जनता ने मुझे जो सपोर्ट किया उसके लिए मैं उसे धन्यवाद कहता हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह संविधान और लोकतंत्र की जीत है। हम लोग बहुत खुश हैं। मैं तहेदिल से सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत करता हूं। यह सिर्फ राहुल गांधी की जीत नहीं है यह आम लोगों की जीत है। यह संविधान के वसूलों की जीत है। खड़गे ने कहा कि अब देखना है कि लोकसभा के स्पीकर राहुल गांधी की सदस्यता बहाल करने में कितना समय लेते हैं। क्योंकि जब सूरत कोर्ट से जब फैसला आया था तो राहुल गांधी की सदस्यता तुरंत रद्द कर दी गई थी।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि आज सत्य, साहस की जीत हुई है, केवल राहुल गांधी की जीत नहीं है, लोकतंत्र, संविधान और आम जनमानस की जीत है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि बीजेपी अपने विशेष विभाग (जो कई चालबाजी के खेल खेलता है) पर ताला लगाएगी, इस विभाग के जरिए विपक्ष के नेताओं को अनर्गल रूप से निशाना बनाया जाता है, उम्मीद है कि इस पर रोक लगेगी। सिंघवी ने कहा, “हम संसद में राहुल गांधी की बुलंद आवाज सुनने को तैयार हैं। मोदी सरकार को बुनियादी मुद्दों पर संसद के अंदर भी जिम्मेदार बनाएंगे। फिर से चलेगी सवालों की आंधी, जब संसद में बोलेंगे राहुल गांधी।”
प्रियंका गांधी ने गौतमबुद्ध के एक सूत्र वाक्य के सहारे बीजेपी पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध जी ने कहा था, तीन चीजें लंबे समय तक छिपाई नहीं जा सकतीं- सूर्य, चंद्रमा और सच। न्यायपूर्ण फैसले के लिए सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद। सत्यमेव जयते।
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि अंधकार चाहे भारी हो और समंदर पार हो, सदा उजाला विजेता हुआ है, अगर सत्य आधार हो। राहुल गांधी जी की सजा पर रोक के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का भारत स्वागत करता है। सत्यमेव जयते! यह इंडिया की जीत है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी पर मानहानि के मुकदमे में सजा पर रोक का सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। यह सच्चाई और न्याय की जीत है।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला सत्य और न्याय की पुष्टि करने वाला है। भाजपा की पूरी मशीनरी के निरंतर प्रयासों के बावजूद राहुल गांधी ने हार मानने, झुकने या दबने से इंकार करते हुए न्यायिक प्रक्रिया में अपना विश्वास जताया। यह बीजेपी और उनके गुलामों के लिए एक सबक है: आप भले ही सबसे घटिया हरकत कर सकते हैं लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे। हम एक सरकार एवं एक पार्टी के रूप में आपकी विफ़लताओं को सामने लाना और उन्हें उजागर करना जारी रखेंगे। हम अपने संवैधानिक आदर्शों को कायम रखेंगे और अपनी संस्थाओं में विश्वास बनाए रखेंगे जिन्हें आप पूरी तरह से नष्ट करना चाहते हैं। सत्यमेव जयते!
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बधाई हो इंडिया! ‘डरपोक तानाशाह’ की लाख कोशिशों और साजिशों के बावजूद, देश के लोकतंत्र और संविधान के सच्चे रखवाले की जीत हुई ! बीजेपी के झूठ, लूट, नफ़रत और बंटवारे की राजनीति के खिलाफ.. लगातार देश की आवाज बनकर गूंजने वाले राहुल गांधी जी, अब फ़िर से संसद में भी सच को बुलंद करेंगे। जो ये सोचते थे कि राहुल जी की संसद सदस्यता छीनकर और खुद संसद से भागकर, देश की आवाज़ दबा देंगे..उनके लिए एक बड़ा सबक है ! अंधेरा लाख घना हो, सूरज की रौशनी को रोक नहीं सकता ! हर अंधेरे से लड़ेंगे भी और जीतेंगे भी !
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सांसद सदस्यता को लेकर अब स्पीकर को फैसला लेना होगा। पूरा देश और दुनिया अब स्पीकर की तरफ देख रही है। लोकसभा में हमारे विपक्ष के नेता सुप्रीम कोर्ट फैसले की प्रति के साथ आधिकारिक तौर पर मिलकर सदस्यता बहाली का अनुरोध करेंगे। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने राहुल गांधी की जीत को पीएम मोदी की हार बताया है। उन्होंने कहा कि आज खुशी का दिन है। संसद में हर जगह आपको सत्यमेव जयते दिखेगा। राहुल गांधी के खिलाफ साजिश की गई थी, वह नाकाम हो गई। राहुल गांधी की जीत मोदीजी को बहुत भारी पड़ेगी। मैं आज ही लोकसभा अध्यक्ष को लिखूंगा।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि शेर एक बार फिर संसद में दहाड़ेगा। अब बिना किसी देरी के स्पीकर को फैसला रद्द कर देना चाहिए। आज हम बहुत खुश और उत्साहित हैं। उद्धव गुट वाली शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला सही है। दरअसल, राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ रही थी, एमपी और राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बन रही है। इसलिए बीजेपी को खल रहा था। राहुल गांधी से बीजेपी डर गई थी। इसलिए उन्हें फंसाया गया था। मगर, अब सत्य सामने आ चुका है।

