इंडिया गठबंधन की गांठ ढीली, कांग्रेस और एसपी ने एक दूसरे से तोड़ा नाता

0
145

बीरेंद्र कुमार झा
भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन (INDIA) में बड़ी दरार पड़ गई है। मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग नहीं किए जाने से खपा समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को खुलकर चेतावनी दे दिया। इंडिया गठबंधन में एसपी सहयोगी दल है,ऐसे में अखिलेश द्वारा कांग्रेस को कटघरे में खड़ा करने के बाद उत्तर प्रदेश में आगामी लोकसभा चुनाव में गठबंधन के टूट जाने की संभावना बलवती हो गई है। एसपी नेता के बयान के बाद एनडीए के घटक दलों ने इंडिया गठबंधन पर हमला तेज कर दिया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर इंडिया के घटक दलों को बेवकूफ बनाने का आरोप लगाया है। एसपी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पूर्व में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कांग्रेस नेता ने बैठक बुलाई थी, जिसमें हमने उन्हें समाजवादी पार्टी की पूरी रिपोर्ट दिखाई।रात 1:00 बजे तक समाजवादी पार्टी के नेताओं को उन्होंने जगाया और आश्वासन दिया कि हम 6 सीटों पर विचार करेंगे,लेकिन जब सीटें घोषित की गई तो समाजवादी पार्टी इस सूची में कहीं थी ही नहीं।अगर मुझे पहले पता होता कि विधानसभा स्तर पर इंडिया का कोई गठबंधन नहीं है, तो हम उससे कभी मिलने नहीं जाते। एसपी के साथ एमपी में जैसा व्यवहार होगा वैसा व्यवहार कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। एसपी नेता ने कहा कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए के कांग्रेस साथ आने पर पुनर्विचार करेगी।

एसपी ने मध्य प्रदेश में 18 सीटों पर कांग्रेस के खिलाफ उतरे उम्मीदवार

भारतीय राष्ट्रीय विकासात्मक समावेशी गठबंधन यानि इंडिया में राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगी कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने मध्य प्रदेश की 18 सीटों पर एक दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारे हैं। इस घटनाक्रम से आगामी विधानसभा चुनाव में बीजेपी विरोधी वोटो के विभाजित होने और उसके राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के हाथों में जाने की उम्मीद है।अखिलेश यादव ने संवाददाताओं से सीतापुर में बातचीत करते हुए कहा कि हमने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जो इस समय पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुख हैं, से बात की।उन्होंने पार्टी के प्रदर्शन पर चर्चा की तो हमने उन्हें बताया कि हमारे विधायक पहले कहां से जीते थे और कहां हम नंबर दो पर थे।उन्होंने हमें 6 सीटों का आश्वासन भी दिया था,लेकिन जब कांग्रेस के उम्मीदवारों की घोषणा की गई,तो उसमें लिए कहीं कुछ भी नहीं था। अगर मुझे यह पहले पता होता तो हमने कांग्रेस से बात ही नहीं की होती। लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन के बारे में सोचेंगे। हमारे साथ जैसा व्यवहार वे करेंगे, हमारा व्यवहार भी उनके साथ वैसा ही होगा।

एमपी की घटना के बाद यूपी कांग्रेस अध्यक्ष के बड़बोलेपन ने लगाया पलीता

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश के लिए नवरात्रि की पहले दिन 144 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी,जिसमें एसपी के लिए कोई सीट नहीं छोड़ी गई।इसके 8 घंटे बाद समाजवादी पार्टी ने भी अपने 9 उम्मीदवारों के नाम जारी कर दिए जिसमे 5 सीटों पर कांग्रेस के साथ ओवरलैप था।बुधवार की शाम एसपी ने अन्य 22 उम्मीदवारों की घोषणा की जिसमें 13 विभिन्न सीटों पर वे कांग्रेस के खिलाफ खड़े थे ।कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से कुछ तल्ख टिप्पणी के बाद मामला और बिगड़ गया। अजय राय ने कहा था कि एसपी का मध्य प्रदेश में कोई जमीन आधार नहीं है और उसे वहां चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।इसके अलावा उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।इससे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नाराज हो गए हैं।

कांग्रेस के चिरकुट नेताओं को सपा के बारे में नहीं बोलना चाहिए: अखिलेश

अखिलेश यादव ने कहा कि मैं कांग्रेस से कहना चाहता हूं उसके चिरकुट नेताओं को एसपी के बारे में नहीं बोलना चाहिए।यह कांग्रेस के लोग बीजेपी के साथ हैं। अगर मुझे पता होता कि राज्य स्तर पर कोई गठबंधन नहीं है, तो मैं अपने नेताओं को कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के पास भेजता ही नहीं। दूसरी तरफ बुधवार को कमलनाथ ने कहा कि राज्य स्तर पर गठबंधन को लेकर एसपी के साथ बातचीत अभी भी जारी है। उन्होंने कहा कि कुछ व्यावहारिक गड़बड़ियां भी थी। हमारे उम्मीदवार एसपी के चुनाव चिन्ह पर लड़ने के लिए तैयार नहीं है, भले ही एसपी कह रही है कि वह अपने चुनाव चिन्ह पर हमारे उम्मीदवारों को मैदान में उतरने के लिए तैयार है।ऐसी स्थिति में हम क्या करेंगे ?यह जमीन पर का व्यावहारिक पहलू है। कमलनाथ ने कहा कि अभी चुनाव में बीजेपी को हराने की जरूरत पर कांग्रेस पार्टी अखिलेश यादव से सहमत है। हम चाहते हैं कि एसपी बीजेपी को हराने में हमारी मदद करे। मैं अखिलेश यादव को धन्यवाद देता हूं, क्योंकि उनका लक्ष्य बीजेपी को हराना है। उन्होंने यह बात मुझे निजी तौर पर बताई थी।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here