न्यूज़ डेस्क
बंगलुरु में विपक्षी दलों की चल रही बैठक के बीच कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस से कोई भी चेहरा पीएम की रेस में नहीं है और न ही कांग्रेस को सत्ता का लोभ ही है। मीडिया से बात करते हुए पार्टी अध्यक्ष खड़गे ने कहा है कि कांग्रेस को सत्ता या फिर पीएम पद में कोई दिलचस्पी नहीं है। खड़गे के इस बयान के बाद जो लोग यह कह रहे थे कि राहुल गाँधी पीएम उम्मीदवार हो सकते हैं उन्हें बड़ा झटका लगा है। अब साफ़ हो गया है कि राहुल गाँधी पीएम की रेस में नहीं है।
सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई है कि बेंगलुरु में संयुक्त विपक्ष की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, ”हम यहां 26 पार्टियां हैं। हम सब मिलकर आज 11 राज्यों में सरकार में हैं। बीजेपी को अकेले 303 सीटें नहीं मिलीं हैं। उसने अपने सहयोगियों के वोटों का इस्तेमाल किया और सत्ता में आई और फिर उन्हें त्याग दिया। आज बीजेपी अध्यक्ष और उनके नेता अपने पुराने सहयोगियों से समझौता करने के लिए एक राज्य से दूसरे राज्य भाग-दौड़ कर रहे हैं। ”
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी करने के मानहानि मामले में गुजरात की एक स्थानीय कोर्ट ने दो साल की सजा सुनाई थी। इसकी वजह से राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता गंवानी पड़ी थी। इसके कुछ दिनों बाद ही कांग्रेस नेता से उनका सांसद आवास भी खाली करा लिया गया था। कांग्रेस ने निचली अदालत के इस फैसले को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिल सकी। इसके बाद अब राहुल गांधी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई की तारीख 21 जुलाई तय की है। अगर राहुल गांधी की याचिका पर फैसला उनके पक्ष में नहीं आता है तो लोकसभा चुनाव 2024 में उनका चुनावी मैदान में उतरना मुमकिन नहीं होगा।
जानकार कह रहे हैं कि यही सोंच कर खड़गे का यह बयान आया है। लेकिन सूत्रों का यह भी कहना है कि कांग्रेस नहीं चाहती कि पीएम उम्मीदवारी को लेकर आपस में कोई संकट पैदा हो। सूत्रों का यह भी कहना है कि वैसे अभी पीएम फेस के लिए कोई बात नहीं हो रही है। अभी तो इस बात की चर्चा चल रही है कि कैसे सीटों पर एक साथ मिलकर चुनाव लड़ा जाए। खबर यह भी मिल रही है कि ममता बनर्जी और नीतीश कुमार ने कई बेहतरीन बातें बैठक के दौरान रखी है। उस पर भी चर्चा की जा रही है।
खड़गे का बड़ा बयान : कांग्रेस से कोई भी पीएम रेस में नहीं ,कांग्रेस को सत्ता का कोई लोभ नहीं —
Published on
