केजरीवाल बोले- मैं बेईमान तो दुनिया में कोई ईमानदार नहीं:शराब नीति केस में कल CBI ने बुलाया, CM बोले- जबरन फंसाने की साजिश

0
132

बीरेंद्र कुमार झा

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली शराब नीति केस में सीबीआई का समन मिलने के बाद शनिवार को अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बीजेपी चिल्ला-चिल्लाकर कह रही है कि घोटाला हुआ। जांच एजेंसियां सारा काम छोड़कर इसकी जांच में जुटी हैं। पर कुछ नहीं मिल रहा। उन्होंने सीबीआई, ईडी , और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

अरविंद केजरीवाल को सीबीआई ने 16 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया है। जांच एजेंसी ने 14 अप्रैल यानी शुक्रवार को नोटिस जारी किया था। उधर, सोमवार यानी 17 अप्रैल को दिल्ली विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।

केजरीवाल के 8 आरोप, कहा- मैंने नरेंद्र मोदी को 1000 करोड़ रुपए दिए

मुख्यमंत्री ने ईडी की जांच की रिपोर्ट दिखाते हुए कहा कि ईडी के डॉक्यूमेंट में मनीष सिसोदिया के 14 फोन थे, जिन्हें मनीष सिसोदिया ने तोड़ दिए। अब ईडी का सीजर मेमो देखिए। यह कह रहा है इसमें से 4 फोन ईडी के पास हैं। एक फोन सीबीआई के पास है, इस तरह से 5 फोन तो जांच एजेंसियों के पास ही हैं। बाकी 9 फोन भी जिंदा ही हैं। इन्हें ये टूटा बता रहे हैं।
कोई न कोई ये फोन इस्तेमाल कर रहा है। कोई न कोई वॉलेंटियर यूज कर रहा है। इसकी जानकारी ईडी और सीबीआई को भी है। ईडी और सीबीआई ने कोर्ट में शपथ पत्र देकर झूठ बोला। सच कुछ नहीं मिला। शराब घोटाला कुछ नहीं है। झूठ बोलकर मनीष सिसोदिया को फंसाने की कोशिश की।

जांच एजेंसियां टॉर्चर कर मनीष सिसोदिया और केजरीवाल का नाम बोलने के लिए बना रहीं दवाब

जांच एजेंसियां रोज किसी न किसी को पकड़ लेते हैं, उन्हें टॉर्चर करते हैं। धमकी देकर, थर्ड डिग्री देकर मनीष सिसोदिया, केजरीवाल का नाम लेने को कहते हैं।कोई चंदन रेड्डी हैं, उसे खूब मारा। इसकी मेडिकल रिपोर्ट में लिखा है कि पेशेंट ने कहा कि 16 और 17 सितंबर को मारा, जिसकी वजह से सुनाई नहीं दे रहा। जांच में पता चला कि दोनों कान में चोट है, कान के पर्दे फट गए हैं। चंदन रेड्डी पर क्या कहने का दबाव डाला गया, उसे किस कागज पर दस्तखत करने को कहा गया? अरुण पिल्लई हैं कोई, उन्हें धमकी दी, टॉर्चर किया। समीर महेंद्रू से टॉर्चर कर बयान लिया, मनस्वी, रोशन को टॉर्चर कर बयान लिए।
एक ऐसा व्यक्ति है, जिसे एक कमरे में बैठा रखा था। दूसरे कमरे में उसकी पत्नी और पिताजी को बैठा रखा था। जबरदस्ती साइन करवा रहे हैं। ये चल क्या रहा है। एक व्यक्ति है, जिसे कहा कि कल तेरी बेटी कॉलेज कैसे पहुंचती है। उसकी दो बेटी हैं। एक व्यक्ति है, जिसके वकील ने कोर्ट में खड़ा होकर कहा कि मेरे क्लाइंट पर दबाव डाला जा रहा है कि दिल्ली के राजनेताओं का नाम लीजिए। ये जांच चल रही है।

सालभर जांच करने के बाद आरोप लगाते हैं कि 100 करोड़ रुपए की रिश्वत ली गई, दी गई। अब 100 करोड़ रुपए कहां हैं। 400 से ज्यादा रेड हो गईं। कोई पैसा, कोई ज्वैलरी नहीं मिली। मनीष सिसोदिया के घर पर रेड हो गई। उनके घर के गद्दे फाड़ दिए। फिर कहा कि गोवा चुनाव में पैसा यूज हुआ। वहां के वेंडर से पूछा। सारी पेमेंट चेक से हुई। अगर रिश्वत ली तो, पैसा कहां गया? उन वेंडर के पास कुछ नहीं मिला।

केजरीवाल भ्रष्टाचारी है, तो दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में यही पॉलिसी लागू हुई। इससे वहां 50 प्रतिशत रेवेन्यू बढ़ गया। मोदी जी से कहना चाहता हूं कि मोदी जी……. केजरीवाल भ्रष्टाचारी है, तो दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है।
ऐसा शख्स जो देश का प्रधानमंत्री है, जिसका सिर से पैर तक भ्रष्टाचार से डूबा है, उसके लिए भ्रष्टाचार मुद्दा नहीं है। असैंबली में मैंने भ्रष्टाचार के कई मामले गिनाए थे। तब संजय सिंह ने मैसेज कर कहा था कि अगला नंबर आपका। कल सत्यापाल मलिक जी ने कहा कि मोदी जी को भ्रष्टाचार से परहेज नहीं है। वो मोदी जी के खास थे, उन्हें मेघालय, गोवा और जम्मू-कश्मीर का गवर्नर बने। उन्होंने बताया कि कुछ मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार करते हैं। वो पैसा ऊपर भेजते हैं, जो दोस्तों की कंपनियों में निवेश करते हैं।

बीजेपी ने केजरीवाल को शराब घोटाले का सरगना बताया

केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पार्टी हेडक्वार्टर में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा- केजरीवाल प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इसलिए हमने सोचा की कुछ जनता के सवाल उनसे पूछ लिए जाएं। भाटिया ने केजरीवाल को शराब नीति घोटाले का सरगना बताया। साथ ही कुछ सवाल किए।

पहला सवाल: क्या ये सच नहीं कि जो शराब नीति बनाई गई है इसके लिए कैबिनेट की बैठक होती है, जो 5 फरवरी 2021 को हुई। कैबिनेट की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के तौर पर आप कर रहे थे। आपने एक GoM का गठन किया, जिसमें मनीष सिसोदिया और सतेंद्र जैन को शामिल किया। तो आप ये बताइए कि जिस मीटिंग में ये शराब घोटाला रचा जाता है उसकी अध्यक्षता आप कर रहे थे, तो आप पर गाज क्यों नहीं गिरनी चाहिए।

दूसरा सवाल: क्या विजय नय्यर के जरिए आपने फेस टाइम से शराब नीति केस के मुख्य आरोपी समीर महेंद्रू से बात की या नहीं?

तीसरा सवाल: शराब ठेकेदारों से आपका रिश्ता क्या है?

चौथा सवाल: आप कह रहे थे कि ये शराब नीति बहुत अच्छी है। इससे बहुत फायदा होगा। तो ये बताइए कि शराब नीति अगर इतनी अच्छी थी तो ये वापस कैसे हो गई?

पांचवां सवाल: आपकी सरकार द्वारा 25 अक्टूबर 2021 को इंडो स्पिरिट्स को एक नोटिस दिया गया था कि आप के खिलाफ शिकायत आई है, आपकी कंपनियां ब्लैक लिस्टेड कंपनियां हैं। आप कार्टेल चला रहे हैं। 7 दिन के अंदर जवाब दिजिए। क्या 7 दिन में जवाब आया? ये बताइए कि 1.5 साल में आपने क्या कार्रवाई की है ?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here